सरगुजा
उप जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,18 फरवरी। मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान फार्म-7 का दुरुपयोग कर वैध मतदाताओं के नाम कटवाने के कथित संगठित प्रयासों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार नायक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के दूसरे चरण में दावा-आपत्ति के दौरान भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा पूरे जिले में फार्म-7 का दुरुपयोग करते हुए हजारों मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए आवेदन दिए गए। अकेले अंबिकापुर शहर में 1143 मतदाताओं के नाम कटवाने का आवेदन यह कहते हुए किया गया कि संबंधित मतदाता मौजूद नहीं हैं। आरोप है कि इनमें नगर निगम अंबिकापुर के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के भाई रफी अहमद, पार्षद कलीम अंसारी के पुत्र एवं भतीजा, पार्षद हसन खान और उनकी पत्नी तथा पूर्व पार्षद नुजहत फातिमा सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने अल्पसंख्यक समुदाय को लक्ष्य कर गलत जानकारी और शपथ पत्र देकर वैध मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास किया। हालांकि, जिन लोगों के नाम कटवाने का आवेदन दिया गया था, वे भौतिक सत्यापन के बाद एसआईआर की ड्राफ्ट सूची में शामिल पाए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी से चर्चा के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने मांग की कि संबंधित मतदान केंद्र के बीएलए की मौजूदगी में नाम कटवाने के आवेदनों का भौतिक सत्यापन कराया जाए। यदि सत्यापन में आवेदन गलत पाए जाते हैं तो आवेदनकर्ता भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 212 एवं जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 31 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि बिना भौतिक सत्यापन के ड्राफ्ट सूची में शामिल किसी भी मतदाता का नाम विलोपित नहीं किया जाएगा। उन्होंने गलत फार्म-7 प्रस्तुत करने वालों के खिलाफ विधिक अभिमत लेकर कार्रवाई करने की बात कही।
इस दौरान पीसीसी उपाध्यक्ष जे.पी. श्रीवास्तव, पीसीसी महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, मो. इस्लाम, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, राशिद अहमद, शैलेंद्र सोनी, जमील खान, हसन खान, मेराज रंगरेज, गुरुप्रीत सिंह, जीवन यादव, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, नीतीश चौरसिया, निकी खान, सोहन जायसवाल, नरेंद्र विश्वकर्मा, अविनाश कुमार, विकास केशरी, दिनेश शर्मा, अख्तर चम्मा सहित बड़ी संख्या में प्रभावित मतदाता उपस्थित रहे।
थानों में अपराध दर्ज कराने का निर्देश
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने पार्टी के बूथ लेवल एजेंट और कार्यकर्ताओं को फर्जी आवेदनों के खिलाफ थानों में अपराध दर्ज कराने का निर्देश दिया है। जिलेभर में इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा दर्ज असंज्ञेय प्रकरणों के आधार पर फर्जी फार्म-7 प्रस्तुत करने वालों के खिलाफ न्यायालय में परिवाद की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि भविष्य में गलत तथ्यों के आधार पर वैध मतदाताओं के नाम कटवाने पर रोक लगाई जा सके।


