सरगुजा
.jpg)
मैनपाट में पारा 2 डिग्री, जमने लगी बर्फ की परत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 15 सितंबर। उत्तर छत्तीसगढ़ का सरगुजा शीत लहर की चपेट में है,यहां पर हर दिन पारा गिर रहा है। छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाला मैनपाट में पारा 2 डिग्री पर पहुंच गया है, जिससे यहां की वनस्पति व पुआल पर बर्फ की परतें जम गई, वहीं संभाग मुख्यालय अंबिकापुर इस सीजन ठंड का सबसे न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। बलरामपुर में भी पारा 2.6 डिग्री पर पहुंच गया है।
शीतलहर और ठंड ने लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया है। हाड़ कंपकंपाने वाली ठंड के कारण जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो चुका है। उत्तरी शीतलहरों के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक पहुंच गया है।संभाग के मैनपाट एवं सामरीपाट में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री दर्ज किया गया है। पूरे संभाग में पाट से लेकर मैदानी इलाकों तक में जमकर पाले पड़े। सरगुजा संभाग में इतनी ठंड 13 वर्षों बाद पड़ रही है।
सरगुजा संभाग में पिछले से सप्ताह से उत्तरी शीतलहरों के कारण लगातार न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान गिरा है। रविवार को को संभाग मुख्यालय अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। इसके पूर्व शनिवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया था।
मैनपाट और बलरामपुर में सर्वाधिक ठंड
शीतलहरों के कारण पूरे संभाग में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के नीचे ही रहा है। मैनपाट और बलरामपुर में सर्वाधिक ठंड पड़ रही है। रविवार को बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके पूर्व रविवार को न्यूनतम तामपान 2.9 डिग्री दर्ज किया गया था। बलरामपुर जिले के सामरीपाट में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। बलरामपुर जिले में पाट से लेकर मैदानी इलाकों में भी जमकर पाले पड़े। बलरामपुर के साथ सूरजपुर, कोरिया, सरगुजा और जशपुर जिलों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पाट से लेकर मैदानी इलाकों में रविवार को अधिकांश स्थानों पर पाले पड़े नजर आए। जशपुर जिले के पंड्रापाट एवं कोरिया जिले के सोनहत में भी जमकर पाले पड़े हैं।
दो दिनों में राहत की उम्मीद
मौसम वैज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। आगामी दो से तीन दिनों में नम हवाओं के साथ बादल सरगुजा संभाग में प्रवेश करेंगे। इसके बाद शीतलहरों का असर कम होने लगेगा एवं न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। दो दिनों तक संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ती रहेगी।