सरगुजा

आदिवासी पत्रकार पर हमला, सरगुजा प्रेस क्लब ने की कड़ी निंदा
09-Jan-2024 2:11 PM
आदिवासी पत्रकार पर हमला, सरगुजा प्रेस क्लब ने की कड़ी निंदा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

अंबिकापुर, 9 जनवरी। अंबिकापुर के पीजी कॉलेज स्थित हॉकी मैदान में सोमवार को भाजपा के संभागीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बाइट लेने के दौरान एक आदिवासी पत्रकार पर हमला कर मारपीट करने वाला भाजपा नेता अजय अग्रवाल (अज्जू) सूरजपुर जिला का रहने वाला है और वह सूरजपुर भाजपा जिला अध्यक्ष बाबूलाल गोयल का नजदीकी रिश्तेदार है।

आदिवासी पत्रकार के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल होने के बाद भी जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता मारपीट जैसी घटना से इंकार करते रहे, वहीं सूरजपुर भाजपा जिला अध्यक्ष बाबूलाल गोयल ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई है।

सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में स्पष्ट भाजपा नेता द्वारा मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। इस मामले को लेकर कांग्रेस भाजपा पर हमलावर हो गई है और घटना की कड़ी निंदा की है। 

घटना के बाद जैसे ही मुख्यमंत्री साय वहां पहुंचे, पत्रकारों ने एक सुर में घटना को लेकर कड़ा विरोध जताया। इससे पहले प्रवेश द्वार में पत्रकारों से काला कोट या जैकेट उतारने को लेकर पुलिस वालों से बहस हुई थी।

घटना अत्यंत शर्मनाक-अमरजीत भगत
पत्रकार के साथ मारपीट की घटना पर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रथम प्रवास पर पत्रकार की पिटाई अत्यंत शर्मनाक व निंदनीय है। 
 


अन्य पोस्ट