सरगुजा

केआर टेक्निकल कॉलेज में फिट इंडिया कार्यक्रम शुरू
05-Jan-2024 10:28 PM
केआर टेक्निकल कॉलेज में फिट इंडिया कार्यक्रम शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 5 जनवरी। केआर टेक्निकल कॉलेज अंबिकापुर में भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से आइक्यूएसी और स्पोर्ट्स क्लब के द्वारा 3 से 9 जनवरी तक चलने वाले फिट इंडिया कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष  ललन प्रताप सिंह और विशिष्ट अतिथि भारतीय जनता पार्टी के पार्षद आलोक दुबे थे। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के शासी निकाय के उपाध्यक्ष  राहुल जैन, महाविद्यालय की डायरेक्टर रीनू जैन, प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा, स्पोर्ट्स अधिकारी रजत सिंह, सभी विभागों के प्रमुख, सहायक प्राध्यापक, कार्यालय स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।  एक हफ्ते तक चलने वाले इस आयोजन में फिट इंडिया वीक से जुड़े हुए विभिन्न कार्यक्रम जैसे पोस्टर, वाद विवाद, निबंध, रंगोली, खो-खो, क्रिकेट शतरंज, कबड्डी, दौड़ के साथ अन्य कार्यक्रम भी कराए जा रहे हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि भारत सरकार के फिट इंडिया के इस साप्ताहिक कार्यक्रम का आयोजन 9 जनवरी तक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी फिट इंडिया का कार्यक्रम चल रहा है हम अपना एनुअल स्पोर्ट्स डे मना रहे हैं। उन्होंने फिट होने का गुरु मंत्र देते हुए सभी छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवन शैली के लिए संकल्प दिलाया, साथ ही प्रतिदिन 30 मिनट व्यायाम करने और सभी माध्यमों से फिट रहने की बात कही। उन्होंने छात्र-छात्राओं को फ़ीट इंडिया की शपथ भी दिलाई।

अगली कड़ी में आमंत्रित विशिष्ट अतिथि आलोक दुबे ने  पूरे महाविद्यालय परिवार और छात्र-छात्राओं को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि अगर विद्या प्राप्त करना है तो शरीर को स्वस्थ रखना होगा । आज का दौर प्रतिस्पर्धा का है इसमें सफलता और लाभ प्राप्त करने के लिए तन और मन दोनों का स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है तभी हम जीवन में आगे बढ़ सकते हैं। पूर्व में भी इस कॉलेज के बहुत से छात्र-छात्राएं खेल में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी क्वालिफाइड किए हैं और पुरस्कृत होकर लौटे हैं।

अगली कड़ी में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ललन प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मैं पूरे महाविद्यालय परिवार को इस आयोजन के लिए बधाई देता हूं यह मेरे लिए हर्ष का विषय है की फिट इंडिया के तहत सभी को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का उपाय बताया जाता है और अभ्यास कराया जा रहा है। भारतीय खेल विकास प्राधिकरण के तहत  सौभाग्य की बात है कि हमें भारत को फिट करने के अभियान में जोडऩे का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

आगे उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की मन की बात से उदाहरण देते हुए बताया कि कई चीजों को यह मान लिया जाता है कि यह पुराने हैं तो अमान्य है।  लकड़ी का बना हुआ मुग्दक जिसे पहलवान लोग दोनों हाथ से उठाते हैं और शरीर को स्वस्थ बनाते हैं यह पूर्णतया वैज्ञानिक है। उन्होंने बताया कि योग, व्यायाम, खेल और शारीरिक श्रम के माध्यम से हम सभी अपने शरीर को स्वस्थ बना सकते हैं।

आप सभी भारत के भविष्य हैं यदि आप स्वस्थ होंगे तभी भारत स्वस्थ रहेगा। इस सफल आयोजन के लिए आप सभी का धन्यवाद।


अन्य पोस्ट