सरगुजा
तीन गंभीर रूप से घायल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 22 नवंबर। छठ पूजा कर बिहार से रायपुर लौट रहे परिवार की कार सरगुजा के उदयपुर थाना क्षेत्र के अलकापुरी मोड़ में रॉयल बस से टकरा गई। बस से टकराने पर कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं दूसरी ओर बस भी पलट गई। दुर्घटना में कार सवार एक की मौत हो गई, वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दो घंटे की मशक्कत के बाद कार में फंसे ड्राइवर को निकाला जा सका। यात्री बस में सवार लोग सुरक्षित हैं।
बताया जा रहा है कि छठ पूजा कर कार में सवार परिवार बिहार से वापस रायपुर लौट रहा था। कार में श्रेयांश मिश्रा, अमित मिश्रा (40), पिंकी मिश्रा (35), नैंसी मिश्रा (15) मौजूद थे। उदयपुर थाना क्षेत्र के अलकापुरी मोड़ में ओवरटेक के चक्कर में कार की रॉयल बस से टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद बस भी पलट गई। उदयपुर पुलिस 112 की टीम और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से 2 घंटे की काफी मशक्कत के बाद कार के घायल ड्राइवर को निकाला जा सका। दुर्घटना में कार सवार श्रेयांश मिश्रा उम्र लगभग 20 साल की मौत हो गई। अमित मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। पिंकी मिश्रा व नैंसी मिश्रा खतरे के बाहर बताए जा रहे हैं।
बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। चालक व अन्य लोगों को हल्की चोट आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई तथा दूसरे वाहन से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

दुर्घटनाग्रस्त परिवार से कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर की मुलाकात
बिहार के बेतिया से रायपुर जा रहे परिवार की उदयपुर के समीप बस से भिड़ंत में दुर्घटना हो गई। दुर्घटनाग्रस्त परिवार को चिकित्सा हेतु जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर लाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने घटना की जानकारी संज्ञान में आते ही स्वास्थ्य टीम को त्वरित आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए और स्वयं भी जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने पीडि़तों से मुलाकात की।
उन्होंने चिकित्सकीय टीम से उनकी स्वास्थ्य रिपोर्ट ली और हर संभव स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने निर्देशित किया। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम अम्बिकापुर को पीडि़तों के परिवार से लगातार संपर्क में रहने के निर्देश दिए।
