सरगुजा

पहले दिन 11 प्रत्याशियों ने खरीदे नाम निर्देशन पत्र
21-Oct-2023 8:45 PM
पहले दिन 11 प्रत्याशियों ने खरीदे नाम निर्देशन पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 21 अक्टूबर। निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा आम निर्वाचन 2023 हेतु जारी कार्यक्रम के अनुसार सरगुजा जिले में आज पूर्वान्ह 11 बजे अधिसूचना प्रकाशन के साथ ही नामांकन पत्र क्रय करने एवं जमा करने का कार्य प्रारंभ हो गया है।

नामांकन दाखिले के पहले दिन आज अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र से 5 एवं लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र से 4 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र क्रय किए हैं, जबकि सीतापुर विधानसभा क्षेत्र से दो प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र क्रय किया गया। आज जिले के किसी भी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया है।   

नामांकन क्रय करने के पहले दिन आज विधानसभा क्षेत्र क्रमांक- 9 लुण्ड्रा हेतु डॉ. प्रीतम राम भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी से, एलेक्जेंडर केरकेट्टा आम आदमी पार्टी से, अनुक प्रताप सिंह टेकाम हमर राज पार्टी से एवं उर्मिला सिंह, निर्दलीय से नामांकन पत्र क्रय किया है।

इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-10 अम्बिकापुर हेतु संतोष कुमार विश्वकर्मा भारतीय शक्ति चेतना पार्टी, रामनंदन पैंकरा, हमर राज पार्टी एवं कृष्ण नंदन सिंह, मीरा रवि, अनिल श्रीवास्तव निर्दलीय से नामांकन पत्र क्रय किया गया। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-11 सीतापुर, हेतु राम कुमार टोप्पो, भारतीय जनता पार्टी  एवं राम कुमार राम निर्दलीय से नामांकन पत्र क्रय किया है।

4 प्रत्याशियों ने लिये नामांकन फॉर्म

बलरामपुर, 21 अक्टूबर। प्रदेश में दूसरे चरण में होने वाले विधानसभा निर्वाचन के लिए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में नामनिर्देशन पत्र के प्रथम दिन आज जिले के 2 विधानसभा सीटों से कुल 4 प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म लिया हैं। प्रथम दिवस किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।

विधानसभा निर्वाचन के दूसरे चरण के निर्वाचन के लिए नामनिर्देशन पत्र लेने एवं जमा करने के पहले दिन में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-07 रामानुजगंज के लिए डॉ. अजय कुमार तिर्की एवं भुनेश्वर सिंह ने नामांकन पत्र लिया। इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-08 सामरी के लिए विजय पैकरा एवं बलासियूस तिग्गा ने नामांकन फॉर्म लिया। ज्ञातव्य है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दूसरे चरण के मतदान में जिले के 02 विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसके तहत आज 21 अक्टूबर को नामांकन की अधिसूचना का प्रकाशन कर दिया गया है।

 तथा नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2023 है। 31 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी तथा 02 नवम्बर को नाम वापसी की तिथि निर्धारित की गई है।

23 अक्टूबर को लिए एवं जमा किए जा सकेंगे नामांकन फार्म

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रिमिजियुस एक्का ने जानकारी दी है कि 21 से 30 अक्टूबर 2023 तक नामांकन फॉर्म लिये एवं जमा करने की प्रक्रिया जारी है। आगामी 23 अक्टूबर 2023 को जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। परन्तु आयोग के निर्देशानुसार 23 अक्टूबर दिन सोमवार को भी अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन फॉर्म पत्र प्राप्त और जमा किये जा सकेंगे। अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन फॉर्म प्राप्त और जमा करने के लिये संयुक्त जिला कार्यालय में विधानसभा क्रमांक 07 रामानुजगंज हेतु कलेक्टर न्यायालय कक्ष क्रमांक 05 तथा विधानसभा क्रमांक 08 सामरी हेतु अपर कलेक्टर न्यायालय कक्ष निर्धारित किया गया है।

 


अन्य पोस्ट