सरगुजा
मारपीट करने से हुई थी मौत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 सितंबर। पत्नी की हत्या कर दुर्घटना बताने वाले आरोपी पति को दरिमा पुलिस टीम ने चंद घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया। मामूली वाद विवाद पर क्षणिक आवेश मे आकर आरोपी द्वारा मारपीट की गई थी,जिससे उसकी पत्नी की मौत हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक़ 22 सितंबर को बिफल राम ग्राम लवईडीह ने थाना दरिमा आकर सूचना दी कि उसकी पत्नी रामबाई 20 सितंबर की दोपहर में अपने लडक़े के साथ घुनघुट्टा बाँध नहाने गई हुई थी, जो नहाने के बाद मौक़े पर गिरकर बेहोश हो गई थी, जिसे बेहोशी हालत में उठाकर घर लाया था जिसकी 21 सितंबर की शाम को मौत हो गई। प्रार्थी की मौखिक सूचना पर थाना दरिमा में तत्काल मामले में मर्ग पंजीबद्ध कर मृतिका रामबाई के शव का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया। परीक्षण रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा प्राथमिक जांच में मृतिका की मौत हत्यात्माक प्रकृति का होना बताया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश पात्रे, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मामले मे अग्रिम पूछताछ कर आरोपी के सम्बन्ध में पतासाजी की जा रही थी।
जाँच के दौरान मृतिका के पति सूचक बिफल राम द्वारा दी गई सूचना पूर्णत: गलत पाई गई एवं प्रारंभिक पूछताछ एवं जांच में पाया गया कि 20 सितंबर की शाम को रामबाई अपने पति बिफल राम के साथ ग्राम लवईडीह स्थित जानपहचान के घर में मालिश करने हेतु गई हुई थी, जो शाम को वापस घर लौटते समय रामबाई थककर रास्ते में बैठ गई, तब बिफल राम द्वारा घर चलने को बात बोलने पर दोनों पति पत्नी में मामूली वाद विवाद होने पर आरोपी द्वारा क्षणिक आवेश में आकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट की गई थी, जिससे रामबाई मौक़े पर बेहोश हो गई। आरोपी द्वारा बेहोशी की हालत में ही अपनी पत्नी को घर ले आया। मारपीट से आयी चोट के कारण 21 सितंबर के शाम को उसकी मौत हो गई।
मामले में आरोपी बिफल राम (50 वर्ष) रेवापुर हालमुकाम लवईडीह थाना दरिमा की घेराबंदी कर पकडक़र घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ किया गया। आरोपी द्वारा अपनी पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर मृतिका रामबाई के सिर के बाल में लगा बक्कल जब्त किया गया एवं आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने पर थाना दरिमा में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।