सरगुजा
अंबिकापुर, 24 सितंबर। पूर्व वनौषधि पादप विकास बोर्ड चेयरमैन रामप्रताप सिंह ने संकल्प भवन भाजपा कार्यालय अंबिकापुर में भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह की उपस्थिति में अंबिकापुर विधानसभा कोर कमेटी की बैठक ली। उन्होंने चुनाव को लेकर पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ लंबी बातचीत की तथा उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामप्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे वरिष्ठ जन जो हमारे बीच नहीं हैं उनको हम नमन करते हैं। अपने गठन से लेकर अब तक पार्टी आज कहां से कहां पहुंच गई। दो सांसदों से शुरू हुए सफर में विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा के आज 18 करोड़ सदस्य बन चुके हैं। चुनाव के समय अपने वरिष्ठजनों के अनुभवों का लाभ लेना चाहिए नए और पुराने कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाकर काम करना है। जिसकी जहाँ जैसी आवश्यकता होगी पार्टी उनका उपयोग करेगी। आगे उन्होंने कहा कि आप जिस बूथ पर रहते हैं उसकी स्वाभाविक जवाबदारी आपके ऊपर है।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान’ में सभी सहभागी बनें। 30 सितंबर से पहले शक्ति केंद्र व बूथ की बैठकें सम्पन्न करें। ‘बूथ जीता चुनाव जीता’ इसी मूल मंत्र पर सभी कार्यकर्ताओं को काम करना है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि ग्यारह वर्षों तक श्री रामप्रताप जी ने सरगुजा में संगठन के विभिन्न दायित्वों में रहकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया है। उनके व्याख्यान वैचारिक रूप से हमें समृद्ध बनाते रहे हैं।