सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,19 सितंबर। बाल गंगाधर तिलक गणपति स्थापना समिति द्वारा महामाया पहाड़ स्थित गणपति धाम हाथी पखना में भगवान गणेश के प्रतिमा की स्थापना एवं महाआरती का आयोजन किया गया। गणपति बप्पा मोरिया, मंगल मूर्ति मोरिया के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा, बाजे गाजे के साथ बड़ी संख्या में लोग महाआरती में शामिल हुए और विघ्नहर्ता, रिद्धि सिद्धि के दाता, बुद्धि ज्ञान के कारक भगवान गणेश से आशीर्वाद प्राप्त किए।
गणपति स्थापना समिति के संरक्षक भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि पुराने समय से यह जगह प्रभु श्री राम के वन गमन पथ का हिस्सा रहा है, तथा इसी जगह पर प्रभु श्री राम ने श्री गणेश का आह्वान किया था तब से ऑक्सीजन पार्क स्थित हाथी पखना गणपति धाम आस्था का केंद्र है।
समिति के अध्यक्ष गोल्डी बिहाडे ने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता समेटे हुए इस जगह में भगवान गणेश की प्रतिमा और आने वाले दिनों में मंदिर की स्थापना से समस्त जन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने बताया कि लोगों में उत्साह है महा आरती में बहुत दूर-दूर से लोग शामिल हुए, महाआरती के पश्चात भंडारा लगाकर प्रसाद वितरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि प्रति वर्ष की भांति शहर के कई जगहों पर गणेश पंडाल का निर्माण किया गया है, जहां गणेश प्रतिमा लाए गए हैं, और विधिपूर्वक पूजा अर्चना कर के उन्हें स्थापित किया गया है।
गणपति धाम में महा आरती के अवसर पर अखिलेश सोनी, अंबिकेश केशरी, मनीष सिंह, हरपाल भामरा, सुधीर सिंह, अभिषेक शर्मा, आलोक दुबे, निलेश सिंह, हरमिंदर सिंह टिन्नी, सर्वेश तिवारी, चंदन शुक्ला, संदीप यादव मैगो, त्रिलोचन राजवाड़े, भवरंजन, हर्ष जयसवाल, रोहित कुशवाहा, फुलचंद, दीपेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।