सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 28 अगस्त। सावन के अंतिम सोमवार को जिले भर के शिवालयों में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही शिवालयों में शिवभक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। खासकर महिलाओं में पूजा-अर्चना को लेकर काफी उत्साह देखा गया। शहर समेत ग्रामीण क्षेत्र के शिवालयों में दिनोंभर शिवभक्तों का तांता लगा रहा।
इस दौरान महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने शिवालय पहुंचकर भगवान भोलेशंकर पर फल, फूल, नैवेद्य,भांग, धथुरा, बेलपत्र आदि चढ़ाकर पूजा-अर्चना किया। इसके साथ ही शिवलिंग पर जलाभिषेक कर अपने पूरे परिवार की मंगल कामना की।
पूजन के दौरान शिवभक्त हर-हर महादेव के जयकारे लगा रहे थे। पूरा शहर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। शहर से लेकर गांव तक लोग शिव की भक्ति में लीन दिखे। पूजन को लेकर नगर के शंकर घाट, मणिपुर मार्ग स्थित शिव मंदिर, सांडबार, जोड़ा पीपल सहित विभिन्न स्थानों पर निर्मित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखी।
सावन के अंतिम सोमवार को लेकर मंदिर कमेटी द्वारा लाईट लगाकर आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शिवालयों की खूबसूरती देखते बन रही थी। शहर के कई घरों व कई मंदिरों में रूद्राभिषेक कराया गया। इस दौरान शहर शिवभक्त मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेशंकर की पूजा-अर्चना करते दिखे। पूजन को लेकर शिवभक्तों में काफी उत्साह देखा गया।
आखिरी सोमवार पर पूजा का विशेष महत्व
सावन माह में सोमवार को भगवान शिव की पूजा-अर्चना का अलग महत्व है। ऐसी धारणा है कि सावन माह में भगवान भोले शंकर अपने पूरे परिवार के साथ शिवालय में विराजमान रहते हैं। विद्वान ब्राह्मण बताते हैं कि सावन में भगवान भोलेशंकर की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक करने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। खासकर सोमवार व्रत करने वाले भक्तों पर खुश होकर भगवान शिव उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। वहीं सावन की अंतिम सोमवार का व्रत करने वाले भक्तों को आर्थिक संकट से मुक्ति मिलती है।