सरगुजा
तीन महीने में ही बिजली दर में 15.25 फीसदी की बेतहाशा वृद्धि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 अगस्त। अंबिकापुर पहुंचे पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे ने सोमवार को भाजपा कार्यालय संकल्प भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का अप्रैल 2023 का बिजली दर न बढ़ाने के बयान की पोल खुली, फलस्वरूप अप्रैल की बिजली मई महीने में 5.33 प्रतिशत, मई की बिजली जून में 10.88 प्रतिशत और जून की बिजली जुलाई में 15.25 प्रतिशत महँगी हो गई। घरेलू गैर घरेलू, किसान और उद्योग सभी वर्गों के उपभोक्ता असहाय वृद्धि का कारण जानने की कोशिश में कागजी आंकड़ों की बाजीगरी का खेल सामने आया।
उन्होंने कहा कि कागजी आंकड़ों के खेल की पोल केवल तीन महीने में ही खुल गई। छत्तीसगढ़ में चुनावी वर्ष होने के कारण सीएसपीडीसीएल की वर्ष 2023-24 के लिए घोषित बिजली की दरों में घाटा मौजूद होने के बावजूद कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। मुख्यमंत्री द्वारा बिजली दरों को न बढ़ाये जाने का बढ़-चढक़र श्रेय लिया गया, किन्तु क्या वास्तव में सीएसपीडीसीएल की वर्ष 23-24 की बिजली दर में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई? अप्रैल, मई और जून की बिजली को पुराने डेट से ही बढ़ा दिया गया और अंतर की राशि जून, जुलाई और अगस्त में समायोजन प्रभार के रूप में वसूला जा चुका है।
उपभोक्ता को समझ नहीं आ रहा कि अगर बिजली दर बढ़ी नहीं तो बिजली बिल कैसे बढ़ गया? कारणों की तह में जाने पर सामने आया कागजी आकड़ों का खेल। बिजली दर नहीं बढ़ाने हेतु तीन बाजीगरियाँ की गई, जिसमें विद्युत खरीदी का रेट कागजों में कम दिखाओ बाद में समायोजन प्रभार के नाम पर अगले ही महीने में वास्तविक राशि वसूल लो। प्राप्त होने वाले रेवेन्यु को ज्यादा दिखाकर कागजों में फायदा दिखाओ जिसकी पोल खुले तो अगले साल घाटा नजऱ आये। पिछले साल के घाटे को बिना भरपाई किये जस का तस छोड़ दो।
चुनावी साल होने के कारण बिजली दर वृद्धि को टालने हेतु उक्त तीन बाजीगरी की गयी किन्तु बड़े-बूढ़े कह गए कि झूठ ढाई घंटे या ढाई दिन या ज्यादा से ज्यादा ढाई महीने ही टिकता है अब बड़े- बूढ़े गलत बात तो करते नहीं परिणाम सामने है अप्रैल का झूठ जून, मई का झूठ जुलाई और जून का झूठ अगस्त में बाहर आ ही गया।
सीएसपीडीसीएल द्वारा दिनाँक 31.07.2023 को जारी अधिसूचना के अनुसार जून में प्रदाय की गयी बिजली 15.25 प्रतिशत महँगी हुई, जिसकी वसूली अगस्त में की गई, अत: मुख्यमंत्री जी द्वारा दिया गया। बिजली दर नहीं बढ़ाने का बयान खोखला निकला। इस 15.25 प्रतिशत वृद्धि में से 14.23 प्रतिशत वृद्धि की उगाही अगस्त माह से तथा बचा हुआ 1.02 प्रतिशत की उगाही आने वाले वर्ष में हुआ। यह समायोजन प्रभार 15.25 प्रतिशत आना जो कि विद्युत खरीदी की दर को वास्तविकता से कम आंकने के कारण हुआ।
अब अनुमानित रेवेन्यू को ज्यादा बताकर घाटे को कागजो में कम दिखाकर टैरिफ वृद्धि से बचना जो वास्तविकता सामने आने पर वक्त पर इलाज नहीं किये गए घाव का आने वाले समय में नासूर बनकर सामने जैसा ही है। अभी तो ज्यादा रेवेन्यू अनुमान का प्रभाव को आना बाकी है जो कि अगले साल बढ़ी हुई टैरिफ के रूप में आना है। वर्तमान टैरिफ वृद्धि 15.25 प्रतिशत केवल पहले खेल का ही परिणाम है। रेवेन्यू ज्यादा अनुमान लगाने का प्रभाव अगले साल लगभग 5-10 प्रतिशत टैरिफ वृद्धि के साथ वापस अभी बाकी ही है।