सरगुजा
बूथ एजेंटों का प्रशिक्षण शिविर, मतदाताओं से संपर्क करने के तरीकों की जानकारी दी
बूथ पर निरंतर प्रयास ही सफलता दिलाएगा-द्वितेन्द्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 20 अगस्त। अम्बिकापुर शहरी और ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के बूथ एजेंटों का प्रशिक्षण शिविर रविवार को राजमोहनी भवन में संपन्न हुआ। इस दौरान अम्बिकापुर ग्रामीण और शहरी ब्लॉक कांग्रेस के 152 बूथ के करीब 600 बूथ एजेंट और अनुभाग प्रभारी मौजूद थे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव की मौजूदगी में सम्पन्न इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 6 सत्रों में कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, मतदाताओं के पंजियन-निरस्तीकरण एवं उनसे संपर्क के साथ ही राज्य सरकार की उपलब्धियों से भी अवगत कराया गया।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को जयंती पर श्रद्धांजलि दी गई एवं उनक ी तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया। सत्र का प्रारंभ जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता के द्वारा किया गया। इस दौरान उनके द्वारा मतदाताओं के नाम जोडऩे, निरस्त करने एवं स्थानांतरित करने से संबंधित प्रशासकीय प्रक्रिया की बारीकी से जानकारी दी। अपने उद्बोधन में उन्होंने यह संदेश दिया कि बीएलओ से संपर्क कर एवं घर-घर जाकर सघन संपर्क कर मतदाता सूची का परीक्षण करें।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र को संबोधित करते हुए पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा ने अपने अनुभवों के संदर्भ में बताया कि बूथ लेबल की तैयारियां एक मेधावी छात्र के द्वारा परीक्षा के लिये की जाने वाली तैयारियों के समान है। इसमें निरंतर जुटे रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार परीक्षा के 1 रात पहले तैयारी करने वाला छात्र टॉप नहीं कर सकता, उसी प्रकार चुनावों के ऐन पहले बूथ पर तैयारियां करने से लीड नहीं मिलता। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि बूथ पर निरंतर प्रयास ही सफलता दिलाएगा। पार्टी के इतिहास को लेकर एक शानदार तुलनात्मक विवरण पीसीसी उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव के द्वारा दिया गया।
श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष मो शफी अहमद ने कार्यकर्ताओं को शासन की योजनाओं की जानकारी दी। किसानो का कर्जा माफ, बिजली बिल हाफ और अगामी सत्र में धान खरीदी की बढी मात्रा के साथ ही अपने विभाग के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक सीधे बीएलए और अनुभाग प्रभारियों से मुखातिब हुए। उनसे सीधा संवाद करते हुए उन्होंने मतदाताओं से संपर्क करने के तरीकों की जानकारी दी।
सत्र के अंत में जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कार्यकर्ताओं के मध्य विगत साढ़े चार साल के दौरान सरगुजा संभाग में हुए विकास कार्यों के आंकड़ों से परिचित कराया। साथ ही साथ उन्होंने मतदाता सूची में कार्य करने से संबंधित मोबाईल एप और दूसरे इलेक्ट्रानिक साधनों से अवगत कराया।
इस पूरे कार्यक्रम का संचालन अम्बिकापुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष हेमंत सिन्हा के द्वारा किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मंच पर जिला कांग्रेस प्रभारी फुलकेरिया भगत, मो. इस्लाम, अरविंद सिंह, संजय विश्वकर्मा, रामविनय सिंह, हेमंत तिवारी, संध्या रवानी, मधु दीक्षित, सीमा सोनी, विनय शर्मा, दुर्गेश गुप्ता, सैयद अख्तर हुसैन आदि मंच पर मौजूद थे।
बिजली बिल हाफ योजना का विस्तार, छह माह बिल भुगतान नहीं होने पर भी मिलेगा लाभ
किन्हीं आर्थिक परेशानियों के कारण आप निरंतर बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं, तब भी छह माह तक आपकों बिजली बिल हाफ योजना का लाभ मिलता रहेगा।
उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के द्वारा ऊर्जा विभाग का प्रभार सम्हालने के उपरांत विभाग की प्रथम बैठक में ही यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अम्बिकापुर शहरी और ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के बूथ एजेंटों के प्रशिक्षण शिविर में यह महत्वपूर्ण जानकारी श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद के द्वारा दी गई है। अब तक की बिल वसूली व्यवस्था के अनुसार यदि उपभोक्ता 1 माह भी बिजली बिल के भुगतान से चूक जाते थे तो अगामी माह में उन्हें बिजली बिल हाफ योजना का लाभ नहीं मिल पाता था। इस नहीं व्यवस्था के अनुसार अब यह अवधि 6 माह की होगी।