सरगुजा

3 महीने पहले भाजपा ने खोले पत्ते, सरगुजा के 5 प्रत्याशी घोषित
17-Aug-2023 8:27 PM
3 महीने पहले भाजपा ने खोले पत्ते,  सरगुजा के 5 प्रत्याशी घोषित

रामानुजगंज से रामविचार, लुंड्रा से प्रबोध, भटगांव से लक्ष्मी, प्रतापपुर से शकुंतला, प्रेमनगर से भूलन पर लगाया दांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,17 अगस्त।
छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं, विधानसभा चुनाव के तीन महीने पहले ही भाजपा ने अपना पत्ता खोलते हुए अपने 21 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दिया है। जिसमें सरगुजा की हाई-प्रोफाइल रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के कद्दावर आदिवासी नेता और पूर्व गृहमंत्री रामविचार नेताम को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है।
 
नेताम 1990 से 2013 तक रामानुजगंज के विधायक रह चुके हैं। 2013 से अब तक रामानुजगंज सीट पर कांग्रेस का कब्जा है, यहां से कांग्रेस के बृहस्पति सिंह विधायक हैं।


लुंड्रा से प्रबोध मिंज को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनवाया है, प्रबोध अंबिकापुर नगर निगम में दो बार के महापौर रह चुके हैं और वह 2018 के विधानसभा चुनाव के समय से ही लुंड्रा विधानसभा सीट में अपनी दावेदारी कर खूब मेहनत की थी लेकिन पार्टी ने विजय प्रताप सिंह को टिकट दिया था जिसके चलते वह नहीं लड़ पाए थे।इसके बाद भी प्रबोध पिछले 4 सालों से लुंड्रा विधानसभा में काफी मेहनत कर रहे हैं जिसके चलते पार्टी ने प्रबोध को अपना उम्मीदवार बनाया है।

भटगांव विधानसभा में भाजपा को पिछले दो चुनाव में करारी हार मिली है, जिसके चलते इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लक्ष्मी राजवाड़े को अपना प्रत्याशी घोषित कर राजवाड़े वोट साधने की कोशिश की है। लक्ष्मी राजवाड़े सूरजपुर जिला में जिला पंचायत की सदस्य हंै और युवा होने के साथ-साथ काफी कर्मठ भी हैं।

प्रतापपुर से पूर्व में गृह मंत्री रामसेवक पैकरा, जो टिकट की काफी आस लगाए बैठे थे, उनकी जगह पार्टी ने इस बार अधिवक्ता, समाजसेवी एवं सरपंच  शकुंतला पोर्ते पर दाव लगाया है। उन्हें उम्मीदवार बनाने पर  उनके समर्थकों में काफी खुशी की लहर है।


इसी तरह प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने भूलन सिंह मरावी को अपना उम्मीदवार बनाया है। भूलन प्रेमनगर विधानसभा में जातिगत दृष्टिकोण से अपनी मजबूती का दावा कर रहे हैं, लेकिन आने वाला विधानसभा चुनाव में उक्त पांचों उम्मीदवारों के भविष्य का निर्णय जनता करेगी।

रामानुजगंज सीट से अजय तिर्की ने भी की दावेदारी
इधर दूसरी ओर कांग्रेस से अंबिकापुर महापौर डॉ. अजय तिर्की ने रामानुजगंज विधानसभा से चुनाव लडऩे की  इच्छा जाहिर कर सरगुजा की हाई प्रोफाइल सीटों में शामिल रामानुजगंज विधानसभा के प्रत्याशियों को चिंता में डाल दिया है।

मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि वह रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में लगातार 20 वर्षों तक अपना सेवा दिए हैं, रामानुजगंज विधानसभा उनका गृह जिला है। पहले भी वह रामानुजगंज विधानसभा से टिकट की मांग लोगों की मांग पर कर चुके हैं। अजय तिर्की ने कहा कि पार्टी जो निर्णय करेगी, उसका मैं पालन करूंगा।


अन्य पोस्ट