सरगुजा
अंबिकापुर में कई घरों में घुसा पानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 अगस्त। उत्तरी बंगाल की खाड़ी पर विकसित हुआ अवदाब के चलते सरगुजा में मंगलवार की आधी रात से शुरू हुई अति मूसलाधार बारिश बुधवार की शाम तक जारी रहा,जिसके चलते सरगुजा जिला तरबतर हो गया। सरगुजा के बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत करदना के प्राथमिक शाला कोर कोर ढाब में पुल व सडक़ बह गया, जिसके चलते कई गांवों का संपर्क कट गया है, वहीं अंबिकापुर नगर में कई इलाकों टापू बन गए, जिससे लोगों का आवागमन अवरुद्ध हो गया। अंबिकापुर शहर के घुटरापारा बौरीपारा सहित और कई निचले इलाकों में कई लोगों के घरों में पानी घुस गया,जिसके चलते लोग मंगलवार की रात से बुधवार की शाम तक परेशान रहे।
ड्रेनेज सिस्टम की खुली पोल, सडक़ बना तालाब
मानसून की पहली बारिश ने ही अंबिकापुर शहरी क्षेत्र की सूरत बिगाड़ दी है। शहर के मनेन्द्रगढ़ रोड स्थित पीजी कॉलेज के पास मुख्य सडक़ तालाब में तब्दील हो गया। घुटने भर पानी में लोग आवागमन करते रहे। वहीं नाली जाम होने की वजह से बारिश का पानी सडक़ों व कई घरों में घुस गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच देखने को मिली। स्कूल व कोचिंग संस्थान से लौटने के दौरान उन्हें घुटने पर पानी से होकर गुजरना पड़ा।
लंबे इंतजार के बाद आखिर मानूसन ने दस्तक दे दी। बुधवार को जिला मुख्यालय अंबिकापुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में इस मानसून सत्र की अच्छी वर्षा हुई है। रात भर तेज बारिश होने के बाद पूरे दिन झमाझम बारिश से सरगुजा तरबतर हो गया। मूसलाधार बारिश से अंबिकापुर-मनेन्द्रगढ़ मार्ग पर स्थित पीजी कॉलेज के सामने तालाब जैसी स्थिति निर्मित हो गई।
पानी की निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी सडक़ पर जमा हो गया। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह स्थिति शहर के कैलाश मोड, सतीपारा, चांदनी चौक, पुराना बस स्टैंड माया लाज के सामने, मेडिकल कॉलेज अस्पताल के समीप कुंडला अस्पताल वाले मार्ग, सहित कई निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई कई घरों में पानी के घुसने से पूरी रात लोग परेशान रहे।
चांदनी चौक में भी कई घरों में पानी घुसने से छोटे-छोटे बच्चों के साथ रात भर परिवार के लोग पानी निकालने की मशक्कत करते रहे। शहर के कई मार्गों में घुटने भर पानी में लोग आवागमन करते रहे, वहीं मूसलाधार बारिश होने से मौसम सुहाना रहा। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
15 घंटे में 157 मिमी वर्षा हुई अंबिकापुर में
मौसम वैज्ञानिक अक्षय मोहन भट्ट ने बताया कि अंबिकापुर नगर में मंगलवार की रात से बुधवार की सुबह 8 बजे तक 90 मिलीमीटर एवं सुबह 8 से शाम 5 बजे तक 67 मिलीमीटर वर्षा, कुल 157 मिलीमीटर वर्षा हुई। सरगुजा में कुल 500 मिलीमीटर से अधिक वर्षा होने का अनुमान है, वहीं बलरामपुर जिला में 600 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
श्री भट्ट ने बताया कि उत्तरी बंगाल की खाड़ी पर विकसित हुआ अवदाब इस समय गांगेय पश्चिम बंगाल में बांकुरा के पास पिछले 6 घण्टों से केंद्रित है तथा यह 20 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।
अनुमान है कि अवदाब से गहन अवदाब में विकसित हो चुका यह क्षेत्र आगामी 24 घण्टों में झारखंड की ओर बढ़ता हुआ कमजोर हो कर सुस्पष्ट अवदाब में बदल जायेगा।आगामी 24 घण्टों के भीतर उत्तरी छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों एक दो स्पेल की भारी वर्षा की पूरी संभावना है।
खेती किसानी में जुटे किसान
वैसे तो किसान प्री मानूसन में ही खती किसानी का काम शुरू कर दिया था। वहीं मानूसन की शुरूआत अच्छी होने से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। मूसलाधार बारिश होने से खेतों में भी पानी भर गया है। किसान धान बीज की बोनी करने में जुट गए हैं।



