सरगुजा
समर्थकों ने उतारी आरती और फूल माला से लाद दिया
पुष्प वर्षा और आतिशबाजी से दीपावली जैसा रहा नजारा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,30 जून। उपमुख्यमंत्री बन पहली बार अम्बिकापुर आ रहे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का शहरवासियों ने आधी रात आतिशी स्वागत किया। हर चौक-चौराहे पर जमा समर्थकों ने आरती उतारी और फूल माला सिंह देव को लाद दिया। देर रात रुक-रुक होती आतिशबाजी से शहर का नजारा दीवाली सा था।
टीएस सिंहदेव कुल देवी मां महामाया के मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए अम्बिकापुर आये थे। कांग्रेसियों और समर्थकों का हुजूम सरगुज़ा की सीमा पर डटा रहा। तारा बार्डर पर सरगुज़ा विकास प्राधिकरण अध्यक्ष खेल साय सिंह, सीजीएमएससी अध्यक्ष डॉ. प्रीतम राम, श्रम कल्याण मण्डल अध्यक्ष शफ़ी अहमद, रेडक्रॉस अध्यक्ष आदित्येश्वर सिंह देव, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा, मेयर अजय तिर्की, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, भगवती राजवाड़े, विन्की बाबा की अगुवाई में सरगुजा और सूरजपुर के कार्यकर्ताओं ने फूल माला और आरती उतार अभिनंदन किया।
यहां से उप मुख्यमंत्री टीएस बाबा करकरेट काफिले के रूप में निकला। दो सौ से अधिक चार पहिया वाहनों के सरगुज़ा में प्रवेश के साथ स्वागत का सिलसिला चलता रहा। डाडग़ांव, उदयपुर,लखनपुर, बिलासपुर चौक गांधी चौक में काफिले को रोक कर उत्साहित कार्यकर्ताओं ने टीएस सिंहदेव को फूल मालाओं से लाद दिया।

सिंहदेव के काफिले को उदयपुर से राजीव भवन पहुचने में करीब चार घण्टे का समय लगा। उत्साही कार्यकर्ता के आधी रात के बाद भी सडक़ों पर जमे थे, सिंह देव ने भी उनके जज्बे का सम्मान किया।जहां भी लोग स्वागत के लिए खड़े थे वहां गाड़ी से उतर कर उनसे सम्मान स्वीकार किया। सिंह देव रात 12.30 में राजीव जहां महिलाओं ने पुष्प वर्षा और आरती उतार कर स्वागत किया। सिंहदेव के स्वागत के लिए राजीव भवन को दुल्हन की तरह सजाया गया था।
जो कमियां रह गई उसे मिलकर दूर करेंगे
राजीव भवन में पत्रकारों से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि उप मुख्यमंत्री के रूप में काम करने का मौका मिला है इसके लिए कांग्रेस नेतृत्व का आभार है। छत्तीसगढ़ में हम लोगों ने आम जनों से जो वादे किए हैं उनमें से काफी कुछ पूरा हुआ है जो बचा है उसके लिए सब मिलकर प्रयास करेंगे। जिम्मेदारी चाहे एक दिन की ही क्यों न हो, उसका पालन दृढ़ता और पूरी ईमानदारी के साथ करना चाहिए।
आगे कहा कि सरगुजा के लिए काफी कुछ सोच रखा था, कुछ हो रहे हैं कुछ और होने हैं जिन को लेकर प्रयास किया जाएगा। शहर में पेयजल सडक़ शिक्षा और खेल पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है, कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है उम्मीद है जल्दी ही परिणाम दिखाए देगा। पार्टी नेतृत्व ने सबको साथ लेकर चलने की मंशा व्यक्त की है, पिछली बार भी हम साथ मिलकर लड़े थे, इस बार सब साथ हैं, परिणाम बेहतर आएगा।
प्रशासन को जनोन्मुखी होना चाहिए
एक सवाल के जवाब में सिंह देव ने कहा कि प्रशासन को जनोन्मुखी होना चाहिए कभी कभी ऐसा देखने को नहीं मिलता है। प्रमुख प्रशासनिक पदों पर बैठे लोगों को चाहिए समय-समय पर जनप्रतिनिधियों से सलाह मशवरा कर जनहित में काम करें जहां ऐसा कमी दिखे उस पर कार्रवाई की जानी चाहिए।