सरगुजा
25 से अधिक घटनाओं को दिया था अंजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 मई। एटीएम बूथ पर एटीएम कार्ड की अदला बदली कर ठगी करने वाले अन्तरराज्यीय आरोपी को अंबिकापुर पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 25 से अधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपी अपने साथी के साथ झारखंड के रांची से अम्बिकापुर आकर चार पहिया वाहन में घूम कर एटीएम बूथ को निशाना बनाते थे। मामले में मुख्य आरोपी को फर्जी सिम प्रदान करने के आरोप में जशपुर के एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा मामले में संयुक्त पुलिस टीम की बेहतर कार्रवाई पर 5000 रुपये नगद इनाम एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी प्रेमाकांत बघेल अम्बिकापुर ने थाना कोतवाली आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि गत 24 नवम्बर 2022 को प्रार्थी अपने खाते से पैसा निकालने के लिए स्टेट बैंक एटीएम चोपड़ापारा गया हुआ था। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रार्थी के एटीएम कार्ड को बदलकर 80 हजार रुपये नगद आहरण कर लिया गया है। एक अन्य मामले में प्रार्थी मुनेश्वरी बाई ग्राम पोकसरी बतौली ने थाना बतौली आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 फरवरी 2023 को प्रार्थिया स्टेट बैंक बतौली के एटीएम से अपने खाते से पैसा आहरण करने के लिए गई हुई थी, जो किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रार्थिया के एटीएम कार्ड को बदलकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 65 हजार नगदी आहरण कर लिया गया है एवं एक अन्य मामले में प्रार्थिया कीर्ति टोप्पो तारा प्रेमनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 अगस्त 2022 को 30500 रुपये एटीएम कार्ड बदलकर नगद आहरण कर लिया गया है। गत 27 फरवरी 2023 को प्रार्थिया किरण तिर्की नमनाकला के एटीएम कार्ड को बदलकर 10 हजार रुपये नगद खाते से आहरण कर लिया गया है। पीडि़तों की रिपोर्ट पर थाना थाना कोतवाली, मणिपुर, बतौली में सदर धारा 420, 34 भा.द.वि. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, प्रशिक्षु आईपीएस चिराग जैन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में एक संयुक्त पुलिस टीम का गठन कर आरोपियों के सम्बन्ध में पता तलाश किया जा रहा था।
संयुक्त पुलिस टीम द्वारा सभी घटनाओं का सूक्ष्मता से अध्ययन कर प्राप्त सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर साइबर सेल से आवश्यक तकनीकी जानकारी एकत्र कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संयुक्त पुलिस टीम रांची झारखंड के लिए रवाना की गई थी। आपरेशन साइबर क्लीन के तहत संयुक्त पुलिस टीम द्वारा एटीएम कार्ड अदला-बदली करने के मामले में शातिर आरोपी मुकेश कुमार सोनी रांची झारखण्ड के ठिकानों पर दबिश दी गई। आरोपी ट्रक से लिफ्ट लेकर बिहार की ओर भाग रहा था, संयुक्त पुलिस टीम की सतर्कता एवं सजगता से आरोपी का लगभग 200 किमी पीछा कर घेराबंदी कर छतरपुर झारखण्ड से पकडऩे में सफलता मिली।
पूछताछ करने पर आरोपी एक अन्य साथी के साथ मिलकर रांची से कार के माध्यम से अम्बिकापुर आकर एटीएम बूथों पर जाकर भोले भाले नागरिकों को सहायता करने के नाम पर एटीएम कार्ड की अदला बदली कर ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, एक मोटरसाइकिल, 32 एटीएम कार्ड, 4 मोबाइल, 1 जियो वाईफाई आरोपी के निशानदेही पर बरामद किया गया है।
आरोपी काफी शातिर एवं आदतन किस्म का आरोपी है। आरोपी दिल्ली के एक कारोबारी के कॉन्ट्रैक्ट किलिंग के मामले में दिल्ली के जेल में 6 साल से निरुद्ध था जो पेरोल मिलने के पश्चात फरार हो गया था। दिल्ली पुलिस द्वारा उक्तशातिर आरोपी पर 10 हजार का नगद इनाम रखा गया था। फरार होने पश्चात आरोपी द्वारा लगतार ठगी की घटना को अंजाम दिया जा रहा था, जिसे पकडऩे में सरगुजा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी हैं, वर्ष 2012 में आरोपी द्वारा अपने घर में नक्सली को शरण देने के अपराध में रांची जेल से 4 माह की सजा काट चुका हैं, मामले में मुख्य आरोपी मुकेश सोनी को फर्जी सिम प्रदान करने के आरोप में सुनील दास बगीचा जशपुर को गिरफ्तार किया गया है।
वारदात का तरीका
आरोपियों द्वारा दिन में घूम घूम कर गार्ड रहित एटीएम कार्ड को चिन्हित कर जिस समय कम लोग एटीएम में प्रवेश करते हैं,उसी समय को टारगेट करते हुए एटीएम बूथ में घुसकर वहां एटीएम से पैसा आहरित कर रहे व्यक्तियों को झांसे में लेकर उन्हें पैसा आहरण करने में सहयोग देने के बहाने से उन्हें प्रभावित कर उनके एटीएम कार्ड को बदल लेते थे एवं इसी बीच ध्यान भटका कर उनके एटीएम पिन भी चुरा लेते थे और उसके बदले उसी रंग का किसी अन्य बैंक के एटीएम को उन्हें बदल कर दे देते थे एवं अन्य दूरदराज के एटीएम मे जाकर नगद राशी आहरित किया करते थे।