सरगुजा
अंबिकापुर, 21 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस के कुशासन के चलते बच्चियों से लेकर वृद्धाएं तक रेप की शिकार हो रही हंै, महिलाओं का आत्मसम्मान लहूलुहान हो रहा है। अब तो हालात यह हो गई है कि बलात्कार की शिकार बच्चियों के प्रति पुलिस प्रशासन भी संवेदनशील नहीं रह गया है।
श्री श्रीवास्तव ने अंबिकापुर में बलात्कार की शिकार ऐसी ही एक 14 वर्षीय स्कूली छात्रा द्वारा की गई आत्महत्या को कांग्रेसी शासन का छत्तीसगढ़ के माथे पर कलंक बताया है।
भाजपा सरगुजा संभाग प्रभारी श्री श्रीवास्तव ने कहा कि बलात्कार की शिकार छात्रा के परिजनों की समय रहते पुलिस ने मदद की होती तो अवसाद और गुमसुम दशा में छात्रा को आत्महत्या के लिए विवश नहीं होना पड़ता।
श्री श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस अब इस मामले में सूचना नहीं दिए जाने की बात कहकर अपनी संवेदनहीनता और नकारापन पर पर्दा डालने की निर्लज्ज कार्यप्रणाली का परिचय दे रही है, जबकि छात्रा के परिजन पहले ही पुलिस से मदद की गुहार लगा चुके थे लेकिन पुलिस ने यह कहकर छात्रा के परिजनों को बैरंग लौटा दिया था कि जब तक छात्रा स्वयं उपस्थित होकर दुष्कर्म की स्वीकारोक्ति नहीं करेगी, रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाएगी।
श्री श्रीवास्तव ने कहा कि यह बच्चियों से लेकर वृद्धों तक के आत्मसम्मान पर चोट है और अब पिछले साढ़े 4 वर्षों के कांग्रेसी कुशासन पर पलटकर चोट आने का वक्त आ चुका है।