सरगुजा
अंबिकापुर,11 अप्रैल। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा बेमेतरा के साजा विधानसभा क्षेत्र के बीरनपुर गाँव में युवक की हत्या के विरोध में जब पीडि़त परिवार से मिलने के लिए भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अरुण साव और भाजयुमो छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत बीरनपुर के गाँव में पहुंचे तो पुलिस प्रशासन के द्वारा 3 किलोमीटर पहले उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और पीडि़त परिवार से मिलने नहीं दिया गया, जिसके विरोध में भाजयुमो सरगुजा के द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह जी जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, पार्षद आलोक दुबे, भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री अंकित जायसवाल की उपस्थिति में एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर के नेतृत्व में स्थानीय घड़ी चौक में सभा करके घटना के विरोध में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू का पुतला दहन किया गया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार छत्तीसगढ़ को पश्चिम बंगाल और केरल बनाना चाहती है। जिस प्रकार से प्रदेश में हत्या की घटना एक विशेष समुदाय के द्वारा षडयंत्र पूर्वक की गई है, उस पर प्रदेश के कद्दावर मंत्री अमरजीत भगत के द्वारा यह कहना कि छोटी मोटी घटना की जानकारी मुझे नहीं है बहुत ही गैर जिम्मेदाराना बयान है, जिसकी भारतीय जनता पार्टी निंदा करती है।
जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मंत्री अमरजीत भगत के गैर जिम्मेदाराना बयान की निंदा करती है भूपेश सरकार दोषियों के ऊपर जल्द से जल्द कार्रवाई करें।

अंबिकापुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद मधुसूदन शुक्ला ने कहा प्रदेश की स्थिति कांग्रेस सरकार बनने के बाद हर वर्ष बिगड़ती जा रही है,यदि कांग्रेस की सरकार इस पर लगाम नहीं लगाती है तो आने वाले समय में छत्तीसगढ़ अगला पश्चिम बंगाल होगा।
पार्षद आलोक दुबे ने कहा कि कांग्रेस की सरकार एक विशेष समुदाय को संरक्षण दे रही है जिसमें कांग्रेस की छत्तीसगढ़ सरकार की सहमति है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि प्रदेश में आम जनमानस में भय का माहौल व्याप्त है जिसकी भारतीय जनता युवा मोर्चा विरोध करती है। प्रदेश महामंत्री अंकित जायसवाल ने भी संबोधित किया।