सरगुजा
भाजपा- कांग्रेस के सांसद, मंत्री विधायक के घर जाकर आप करेगी पौधे भेंट, पूछेंगे-जनता को गुमराह क्यों कर रहे हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,3 जून। अंबिकापुर पहुंचे आप के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने शुक्रवार को अंबिकापुर नगर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि हसदेव अरण्य क्षेत्र में पेड़ों की कटाई को लेकर भाजपा और कांग्रेसी दोनों ही पेड़ नहीं कटने देने के समर्थन में राजनीति कर रहे हंै।
अगर दोनों ही प्रमुख दल के नेता पेड़ों की कटाई को लेकर इतना चिंतित है तो भाजपा के नेता जिनकी केंद्र में सरकार है एवं कांग्रेस जिनकी राज्य में सरकार है और स्थानीय स्तर पर नेता हैं, क्यों नहीं कुछ कर रहे हैं।
श्री हुपेंडी ने कहा कि दोनों ही दलों के नेता जनता को मूर्ख समझ रहे हैं, उन्हें इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। एक तरफ दोनों ही दलों के लोग पेड़ नहीं कटने का समर्थन कर रहे हैं तो दूसरी तरफ केंद्र एवं राज्य की सरकार हसदेव क्षेत्र में पेड़ों को कटवाने में लगी हुई है।
आगे श्री हुपेंडी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आने के पूर्व मदनपुर में राहुल गांधी ने कहा था कि हसदेव अरण्य को हम बचाएंगे, लेकिन छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार आने के बाद यहां की सरकार अडानी के गोद में बैठ गई है। आधी रात को पेड़ की कटाई होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
कोमल ने कहा कि हम आंदोलनकारियों के साथ है किसी भी स्थिति में पेड़ की कटाई नहीं होने देंगे। श्री हुपेंडी ने कहा कि बुजुर्ग से लेकर युवा एवं छोटे बच्चे वनों को बचाने अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं, सरकार को इनसे सीखना चाहिए।
आप के प्रदेश अध्यक्ष कोमल ने कहा कि आप के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ के भाजपा कांग्रेस के सभी सांसद, मंत्री, विधायक के घर जाएंगे और उन्हें पौधे भेंट कर सवाल करेंगे कि एक तरफ पेड़ कट रहे हैं और दूसरी तरफ आप उन्हें बचाने की बात कहकर जनता को गुमराह क्यों कर रहे हैं।
कोमल ने कहा कि हसदेव क्षेत्र में फर्जी ग्राम सभा के माध्यम से भूमि अधिग्रहित की गई है, राज्य शासन ने जांच करवाने की बात कही थी पर नहीं हुआ पेड़ों की कटाई शुरू करवा दी है पर हम जंगल को नहीं कटने देंगे।
गांधी चौक से घड़ी चौक तक कैंडल मार्च आज
प्रेस वार्ता के दौरान कोमल ने कहा कि शुक्रवार को वह हसदेव के प्रभावित क्षेत्र घाटबर्रा, हरिहरपुर में जाएंगे और रात वहीं बिताएंगे। अभी तक जो पेड़ कटे हैं, उनके शोक में शनिवार को अंबिकापुर नगर से गांधी चौक से घड़ी चौक तक कैंडल मार्च निकालेंगे। इस दौरान लोगों को पंपलेट बाटेंगे और भाजपा-कांग्रेस जो लोगों में भ्रम फैला रही है लोगों को बताएंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश संयोजक सूरज उपाध्याय, सरगुजा जिला अध्यक्ष कुंज बिहारी पैकरा, मनोज दुबे सहित अन्य उपस्थित थे।


