सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,26 मई। नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से भगाने व रेप करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी ने 14 अप्रैल 2022 को थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि इसकी पुत्री 12 अप्रैल को स्कूल जाने के लिए निकली, फिर शाम को घर वापस नहीं आयी। आसपास रिश्तेदारों से पता साजी करने पर भी कोई जानकारी न होने पर मामला दर्ज कराया था।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी को मार्गदर्शन दिया, तत्पश्चात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के दिशानिर्देश पर एवं सायबर सेल के सहयोग से विशेष पुलिस टीम तैयार कर आरोपी का सभी संभावित स्थानों पर पता तलाश किया गया।
जांच के दौरान अपहृत बालिका का ग्राम पूजीपतरा जिला रायगढ़ में होने की जानकारी मिली, जिसे विशेष टीम के द्वारा तत्काल रवाना होकर अपहृत बालिका को दस्तयाब किया और बालिका सहित आरोपी को पूछताछ हेतु थाना दरिमा लाया गया।
पूछताछ के दौरान बालिका ने अपने कथन में स्वयं के साथ अपराध होना बताया और आरोपी ने भी बालिका पर जुर्म कारित करना स्वीकार किया। जिस पर अपराध सदर में धारा 376 भादवि एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 जोड़ते हुए 26 मई को आरोपी नरेन्द्र साव (23) ग्राम व थाना तमनार जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय अम्बिकापुर भेजा गया।