सरगुजा

फर्जी राजस्व आदेश से जमीन अपने नाम कराने की कोशिश, एक बंदी, दूसरा फरार
26-Nov-2026 8:40 PM
फर्जी राजस्व आदेश से जमीन अपने नाम कराने की कोशिश, एक बंदी, दूसरा फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 नवंबर। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र में फर्जी राजस्व आदेश के जरिए भूमि अपने नाम कराने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर राजस्व मंडल बिलासपुर के कूटरचित आदेश को असली बताकर जमीन पर मालिकाना हक हासिल करने का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फर्जी आदेश की सत्यापित प्रति भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल दूसरा आरोपी फरार है।

पुलिस के अनुसार, नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने इस मामले में लुण्ड्रा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि खाराकोना निवासी मो. मुस्लिम फिरदौसी और उसके साथी ने खाराकोना स्थित भूमि खसरा नंबर 814/1, 814/3 एवं 814/4, जिसका कुल रकबा 2.986 हेक्टेयर है, को अपने नाम कराने के लिए 11 दिसंबर 2023 को आवेदन प्रस्तुत किया था।

आवेदन के साथ राजस्व मंडल बिलासपुर के एक जून 2019 के आदेश को असली बताकर प्रस्तुत किया गया था। राजस्व विभाग की जांच में उक्त आदेश कूटरचित और फर्जी पाया गया। इसके बाद पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान तथा जब्त दस्तावेजों के आधार पर ग्राम खाराकोना निवासी मो. मुस्लिम फिरदौसी की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार किया।

उसकी निशानदेही पर राजस्व मंडल बिलासपुर के फर्जी आदेश की सत्यापित प्रति जब्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट