सरगुजा

अंबिकापुर पहुंचे प्रवीण तोगडिय़ा, गांव-गांव हनुमान चालीसा केंद्र खोलने का ऐलान
26-Nov-2026 8:41 PM
अंबिकापुर पहुंचे प्रवीण तोगडिय़ा, गांव-गांव हनुमान चालीसा केंद्र खोलने का ऐलान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 नवंबर। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगडिय़ा सरगुजा दौरे पर अंबिकापुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देशभर में गांव-गांव और शहर-शहर तक हिंदू समाज को संगठित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। उन्होंने समृद्ध, सुरक्षित और सम्मानयुक्त हिंदू समाज के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए प्रत्येक घर तक हनुमान चालीसा केंद्र और सेवा गतिविधियों का विस्तार करने की बात कही।

डॉ. तोगडिय़ा ने कहा कि देश के प्रत्येक गांव, शहर और गली तक हिंदुओं को जोडऩे के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मंगलवार और शनिवार को साप्ताहिक हनुमान चालीसा केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर धार्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सेवा को भी प्राथमिकता दी जाएगी। जरूरतमंदों को अनाज उपलब्ध कराने के अलावा स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर और शुगर जांच तथा चिकित्सा संबंधी सहायता देने की योजना है।

उन्होंने बताया कि इन केंद्रों को हिंदू हेल्प सेंटर, हिंदू आरोग्य केंद्र और सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। हिंदू हेल्पलाइन के माध्यम से देश के किसी भी हिस्से में जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

धर्मांतरण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक संपर्क और सेवा गतिविधियों का विस्तार कर धर्मांतरण रोकने का प्रयास किया जाएगा। वहीं आदिवासी समुदाय के आरक्षण को लेकर डीलिस्टिंग की मांग उठाते हुए उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन कर ईसाई बनने वाले जनजातीय लोगों को अनुसूचित जनजाति के आरक्षण का लाभ नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में केंद्र सरकार से निर्णय लेने की अपेक्षा जताई।

सरगुजा दौरे के दौरान तोगडिय़ा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सेवा को जोडक़र हिंदू समाज को संगठित करना है।

उन्होंने हर घर तक हनुमान चालीसा और सेवा केंद्रों की पहुंच बनाने पर जोर दिया।


अन्य पोस्ट