सरगुजा

विद्यार्थियों की सुरक्षा पर पुलिस ने ली बैठक
26-Nov-2026 8:40 PM
विद्यार्थियों की सुरक्षा पर पुलिस ने ली बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 नवंबर। जिले के शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने गुरुवार को पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर अंबिकापुर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस बैठक में जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों और कॉलेजों के संस्था प्रमुख एवं संचालक शामिल हुए।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कहते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया गया कि स्कूल-कॉलेज परिसरों में ऐसा सुरक्षित वातावरण बनाया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

संस्थानों के प्रवेश द्वार, गलियारों और संवेदनशील स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग और रखरखाव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही जिन संस्थानों में छात्रावास की सुविधा है, वहां बालक और बालिका छात्रावासों के बीच पर्याप्त दूरी रखने तथा अलग-अलग सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 ताकि विद्यार्थियों की निजता और सुरक्षा बनी रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी विद्यार्थी की तबीयत अचानक खराब होने पर संस्थान में तत्काल प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही इसकी सूचना तत्काल अभिभावकों को दी जाए। संस्थान परिसर या आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय घटना की आशंका होने पर बिना देरी किए पुलिस को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए। त्वरित समन्वय के लिए राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने संस्था प्रमुखों के साथ अपने संपर्क नंबर साझा किए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक बी., एसडीएम वन सिंह नेताम, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश झा, उप पुलिस अधीक्षक डीके सिंह सहित विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के संस्था प्रमुख, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट