सरगुजा

पंडो जनजाति के लोगों के घरों तक पहुंचे कलेक्टर
04-Oct-2021 10:02 PM
  पंडो जनजाति के लोगों के घरों तक पहुंचे कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 4 अक्टूबर। रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम बरवाही के वार्ड क्रमांक 3 में रहने वाले पंडो जनजाति के घर-घर तक कलेक्टर कुंदन कुमार पहुंचे एवं उनकी समस्याओं को जानने का प्रयास किया। साथ ही साथ स्वास्थ्य संबंधित समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचने वह झाड़-फूंक से दूर रहने की भी समझाइश दी। कलेक्टर ने पंडो जनजाति के लोगों को यह आश्वस्त किया कि आपकी हर समस्याओं का तत्काल हल किया जाएगा, आप बस उसे मुझे या मेरे अधिकारियों को जानकारी प्रदान करें।

जिला प्रशासन की पहल पर विशेष संरक्षित पंडो जनजाति बाहुल्य गांव में नव पदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार जहां खुद लगातार दौरा कर रहे हैं एवं उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं प्रशासन की टीम भी गांव-गांव तक पहुंच रही है एवं मौके पर ही आ रही समस्याओं निराकरण कर रही है। ग्राम पंचायत गाजर में जिला प्रशासन के निर्देश पर जन समस्या निवारण शिविर आयोजित कराया गया था, जहां जिला पंचायत के सभापति रामचरित्र सोनवानी ने नेत्रहीन बुजुर्गों के राशन कार्ड एवं वृद्धा पेंशन नहीं मिलने की जानकारी दी। जिसके बाद तत्काल कलेक्टर के निर्देश पर जहां बुजुर्ग का राशन कार्ड बना वही वृद्धा पेंशन भी मिलना प्रारंभ हो जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गाजर में पंडो जनजाति के 65 वर्षीय नेत्रहीन बुजुर्ग पचू पंडो का न राशन कार्ड अब तक बन पाया था न ही वृद्धा पेंशन मिलना प्रारंभ हुआ था जिससे उसके सामने आजीविका चलाने की गंभीर समस्या खड़ी हो रही थी। इसकी जानकारी जिला पंचायत के सभापति रामचरित्र सोनवानी को मिलते ही उनके द्वारा गाजर में लगे जन समस्या निवारण शिविर में इसकी जानकारी अधिकारियों को दी जिसके बाद तत्काल कलेक्टर कुंदन कुमार को भी इस से अवगत कराया गया। कलेक्टर के निर्देश के बाद एक दिन में ही जहां राशन कार्ड बनाकर दे दिया गया। वही वृद्धा पेंशन भी मिलना जल्द प्रारंभ हो जाएगा।

गांव-गांव में लगाया जा

रहा है स्वास्थ्य शिविर

नव पदस्थ कलेक्टर की पहल पर गांव-गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया जा रहा है। साथ ही साथ स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकता पडऩे पर जिला चिकित्सालय एवं नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को भर्ती भी किया जा रहा है इसके लिए अधिकारियों की भी ड्यूटी लगा दी गई है। नव पदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार पदभार ग्रहण करते ही रामचंद्रपुर विकासखंड एवं वाड्रफनगर विकास खंड के पंडो बाहुल्य गांव में पंडो जनजाति लोगों के बीच पहुंचे एवं आत्मीयता से उनसे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया एवं सामने आ रही समस्याओं को तत्काल निराकरण का भी प्रयास प्रारंभ कर दिया।

इस संबंध में नव पदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि विशेष संरक्षित पंडो जनजाति बाहुल्य गांव में मैं खुद लगातार जा रहा हूं एवं उनकी समस्याओं को समझने एवं उनकी समस्याओं हल करने की पहल कर रहा हूं। साथ ही जनप्रतिनिधियों से एवं पंडो जनजाति के लोग के द्वारा या अन्य ग्रामीणों के द्वारा जो समस्याएं बताई जा रही है उसका तत्काल निराकरण भी हो रहा है स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, राजस्व संबंधित समस्यायो का तत्काल निराकरण हो रहा है इसके लिए अधिकारियों की टीम कार्य कर रही है। राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वृद्धा पेंशन सहित अन्य पेंशन योजनाओं का लाभ जिन ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है उन्हें तत्काल सभी योजनाओं का लाभ प्रदान कराए जाने की पहल की जा रही है।

कुंदन कुमार ने कहा कि शासन की योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों को मिले, यह सुनिश्चित कराया जा रहा है।


अन्य पोस्ट