सूरजपुर

राज्य सरकार ने हर वर्ग के साथ किया धोखा, भाजयुमो ने विधायक निवास घेरा, ढाई साल का मांगा हिसाब
17-Jun-2021 6:44 PM
राज्य सरकार ने हर वर्ग के साथ किया धोखा, भाजयुमो ने विधायक निवास घेरा, ढाई साल का मांगा हिसाब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिश्रामपुर, 17 जून। भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश संगठन के आह्वान पर भाजयुमो सूरजपुर जिलाध्यक्ष रविंद्र भारती के नेतृत्व में जिले के तीनों विधानसभा विधायकों का निवास घेराव किया गया।

प्रदेश सरकार के ढाई साल पूरे होने पर हिसाब मांगने भटगांव विधानसभा अंतर्गत 6 मंडल के सैकड़ों भाजयुमो कार्यकर्ता भटगांव विधानसभा विधायक एवं संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े के बतरा निवास पर पहुचे। वहाँ कार्यकर्ताओं के द्वारा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

 पुलिस के द्वारा विधायक निवास के सामने बेरिकेटिंग किया गया था। कार्यकर्ता जब आगे बढऩे लगे तो पुलिस ने रोका, जिससे पुलिस के साथ जमकर झूमा-झपटी हुई। अंतत: कार्यकर्ता सडक़ पर बैठ नारेबाजी कर वहाँ उपस्थित नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पुलिस-प्रशासन मुस्तैद रही और जब कार्यकर्ता विधायक निवास से वापस चले गए, तब कहीं जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।

इस दौरान भाजयुमो जिला अध्यक्ष रविंद्र भारती ने कहा कि प्रदेश सरकार के असफलताओं, विफलताओं और वादाखि़लाफियों के कीर्तिमान के साथ ढाई वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, इन ढाई वर्षों में प्रदेश सरकार ने वादाखिलाफी करने और छत्तीसगढ़ के प्रत्येक वर्ग के साथ धोखा करने के अलावा कुछ नहीं किया है। बेरोजगारी भत्ता, रोजगार, शराबबंदी, आवास, बाड़ी, पट्टा, बिजली बिल, संपत्ति कर, फ़ूड पार्क, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सुरक्षा, बुजुर्गों को पेंशन जैसे वादों को पूरा करने में प्रदेश सरकार विफल साबित हुई है। भाजयुमो प्रदेश सरकार से ढाई साल का हिसाब मांगेगा और जवाब देना होगा।

इस मौके पर उपस्थित भाजपा जिला उपाध्यक्ष व भटगांव मंडल प्रभारी अनूप सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य लोकेश पैकरा, भटगांव भाजपा मंडल अध्यक्ष सुभाष राजवाड़े, भाजयुमो महामंत्री सावन गोयल, मंत्री सन्तलाल, सिद्धार्थ सहित सचिन तायल, राजेंद्र कुमार सिंह, राजेंद्र तिवारी, मोहित राजवाड़े, ज्ञान दुबे, दीपेंद्र, विराट प्रताप, नीरज गुर्जर, भाजयुमो भटगांव अध्यक्ष राजू जायसवाल, अमन प्रताप सिंह, पवन, अभिषेक, जीतू मानिकपुरी, शांतनु सिंह, हरिनंदन, अनूप जायसवाल, सुजीत कुमार, हेंमत सिंह, मोनू सिंह, कृष्णा, गोलू, रंजीत, चंदन, दशरथ, अभय जायसवाल, शिव कुमार, मनीष यादव, बृज पैकरा, भोले, ओमप्रकाश, रोहित जायसवाल, संजय देवांगन, प्रिंस जायसवाल, अजय चौधरी सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट