सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 24 नवंबर। श्री सत्य साईं सेवा समिति विश्रामपुर द्वारा सत्य साईं बाबा जी के 101 वें जन्मोत्सव साईं धाम में बाल विकास के बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति, संध्या भजन एवं केक काटकर मनाया गया।
श्री सत्य साईं बाबा के जन्मोत्सव को पूरे विश्व में साईं सप्ताह के रूप में मनाया जाता है। पूरे सप्ताह भर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। 17 से 23 नवंबर तक प्रात: काल 5 बजे से साई भक्तों के यहां से प्रभात फेरी निकाली गई एवं सायं 6 बजे से 7 बजे के बीच संध्या भजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। श्री सत्य साई बाबा के 101 वें जन्मोत्सव के अवसर पर साईं धाम में प्रात: 5 बजे प्रभात फेरी एवं संध्या 5.30 बजे से मंदिर में गणेश वंदना, वेदपाठ पश्चात भक्तों के द्वारा भजन किया गया। भजन के बाद अहिंसा ग्रुप, दया ग्रुप, शांति ग्रुप के बाल विकास के बच्चों द्वारा गणपति मंत्र, प्रार्थना गीत, सरस्वती वंदना नृत्य, रामायणाष्टकम, देश भक्ति गीत, रामायण एकांकी नाटक, बाबा जन्मदिन गीत आदि कार्यक्रम की मनोरम प्रस्तुति दी गई। बच्चों को बाल विकास गुरुओं के द्वारा पारितोषिक वितरण कर बच्चों की हौसला आफजाई की गई।
इस अवसर पर प्रांतीय पदाधिकारी मिनी पानीकर ने साईं बाबा के जन्मोत्सव एवं साई सप्ताह के बारे में अपना विचार व्यक्त किया।कार्यक्रम के अंतिम चरण में महामंगल आरती, भोग प्रसाद वितरण के बाद कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन संजय भारत ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी साई भक्त सक्रिय रहे।