सूरजपुर

कोयला कर्मियों के पूजा बोनस पर बनी सहमति
05-Oct-2026 8:39 PM
कोयला कर्मियों के पूजा बोनस पर बनी सहमति

-इस बार मिलेंगे 1.10 लाख रुपये, 15 अक्टूबर तक भुगतान की तैयारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 5 अक्टूबर।
कोल इंडिया एवं उसकी सहयोगी कंपनियों में कार्यरत नन-एग्जीक्यूटिव कर्मचारियों को इस वर्ष पूजा बोनस के रूप में 1 लाख 10 हजार 250 रुपये का भुगतान किया जाएगा। शनिवार को कोलकाता में आयोजित कोल इंडिया एपेक्स जेसीसी (संयुक्त सलाहकार समिति) की बैठक में बोनस राशि पर सहमति बनी। बोनस का भुगतान 15 अक्टूबर तक किए जाने पर भी सहमति बनी है।
जानकारी के अनुसार, इस निर्णय से करीब दो लाख कोयला कर्मी लाभान्वित होंगे। बोनस के लिए कोल इंडिया पर करीब दो हजार करोड़ रुपये का वित्तीय भार आने का अनुमान है। एक अप्रैल 2026 की स्थिति में कोल इंडिया में 1,96,753 नन-एग्जीक्यूटिव कर्मचारी कार्यरत हैं। चालू वित्तीय वर्ष में सेवानिवृत्त होने वाले पात्र कोयला कर्मियों को भी पीएलआर का लाभ दिया जाएगा।
बोनस निर्धारण को लेकर हुई बैठक में कोल इंडिया प्रबंधन की ओर से चेयरमैन बी. साईं राम, निदेशक मार्केटिंग सह प्रभारी निदेशक मानव संसाधन मुकेश चौधरी, निदेशक वित्त मुकेश अग्रवाल सहित श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बीएमएस से कोल प्रभारी लक्ष्मा रेड्डी, एचएमएस से हरभजन सिंह सिद्धू, सीटू से डीडी रामानंदन और एटक से लखन लाल महतो बैठक में उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि कोल इंडिया की ओर से कर्मचारियों को हर वर्ष दशहरा, पूजा एवं दीपावली से पहले यह राशि दी जाती है। इसे परफॉर्मेंस लिंक्ड रिवॉर्ड (पीएलआर) कहा जाता है। पिछले वर्ष कर्मचारियों को 1 लाख 3 हजार रुपये पूजा बोनस मिला था। इस वर्ष राशि में 7,250 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। बोनस की राशि वितरण के बाद बाजार के भी गुलजार होने की उम्मीद है।
ज्ञात हो कि हर साल दिए जाने वाला पूजा बोनस को लेकर जहां कोयला कर्मियों एवं उनके परिवार में उत्साह और उम्मीद का वातावरण रहता है वही व्यापारी वर्ग भी बोनस को लेकर उसे भी खासी उम्मीद रहती है।-


अन्य पोस्ट