सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 2 मार्च । आबकारी विभाग की उडऩदस्ता टीम ने 1 मार्च को कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 608 नग टैबलेट और कैप्सूल जब्त किए गए हैं।
आबकारी विभाग के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तिलसिंवा ग्राउंड, सूरजपुर के पास एक कार में नशीली दवाओं की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
विभाग के मुताबिक, कार क्रमांक सीजी 29 एजी 1098 को रोककर तलाशी लेने पर डैशबोर्ड में रखे बैग से 560 टैबलेट और 48 नशीली कैप्सूल बरामद किए गए। कुल 608 नग दवाएं जब्त की गईं।
आबकारी अधिकारियों के अनुसार, वाहन चालक ने अपना नाम अभिषेक साहू निवासी गोविंदपुर, जिला सूरजपुर बताया। उसने स्वयं को वर्तमान में विश्रामपुर तहसील में पदस्थ कर्मचारी बताया है। विभाग ने संबंधित नियुक्ति की पुष्टि प्रशासनिक स्तर पर किए जाने की बात कही है।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे 2 मार्च को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने का आदेश प्राप्त हुआ है।
आबकारी विभाग ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है।


