सूरजपुर

धर्म, संस्कृति को बचाए रखने माता राजमोहिनी के मार्ग पर चलना होगा- कौशल्या साय
08-Jan-2026 9:04 PM
धर्म, संस्कृति को बचाए रखने माता राजमोहिनी के मार्ग पर चलना होगा- कौशल्या साय

पद्मश्री माता राजमोहिनी देवी की 32वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 8 जनवरी। पद्मश्री माता राजमोहिनी देवी की 32वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय के मुख्य आतिथ्य व सांसद सरगुजा चिंतामणि महाराज, विधायक प्रतापपुर शकुंतला पोर्ते, जनजाति गौरव समाज प्रदेश महामंत्री राम लखन सिंह पैकरा के विशिष्ट आतिथ्य तथा जनजाति गौरव समाज संभागीय अध्यक्ष परमेश्वर सिंह मरकाम, जिला अध्यक्ष दिनेश सिंह एवं राजमोहिनी आश्रम संचालिका राम बाई तथा अमित सिंह मरावी की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, झारखंड तथा छत्तीसगढ़ में माता राजमोहिनी द्वारा स्थापित 24 आश्रमों के प्रमुख अनुयाई एवं भक्तजनों की विशेष उपस्थिति रही।  मुख्य अतिथि कौशल्या देवी साय ने माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जनजाति रीति-रिवाज, परंपरा, धर्म व संस्कृति को बचाए रखने के लिए सामाजिक बुराईयों को लेकर माताजी ने जो आंदोलन शुरू किया, उसे पुरजोर तरीके से आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने सभी समाज को मिल कर हिंदू समाज को मजबूत और संगठित करने के लिए भक्तों से आह्वान किया और कहा कि विदेशी धर्म संस्कृति से बचना अत्यंत आवश्यक है। लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन करने का एक जो षड्यंत्र चल रहा है उसे पूरे समाज को सावधान रहना है।

इस अवसर सांसद सरगुजा चिंतामणि महाराज ने कहा कि गांव-गांव जाकर पदयात्रा कर पुरुषों युवाओं तथा महिलाओं की अलग अलग टीम बना कर जहां भी हमारे जनजाति समाज पर विदेशी षड्यंत्र कर कोई बाहरी व्यक्ति लालच देकर धर्म परिवर्तन कराता है तो हम सबकी ये सामूहिक जिम्मेदारी है कि समाज को बचाने के लिए लोग आगे आयें।

क्षेत्रीय विधायक शकुंतला पोर्ते ने कहा कि माता राजमोहिनी देवी के बताए हुए मार्ग पर चलते हुए सभी भक्तों को और सभी समाज के लोगों को साथ जोडक़र के अपने संगठन की ताकत को बढ़ाने के लिए समय-समय पर इस तरह का आयोजन सभी आश्रमों में करते रहना चाहिए।

 इस अवसर पर आश्रम की संरक्षिका माता राम बाई ने पूरे समय कार्यक्रम में उपस्थिति के लिए कौशल्या देवी साय का आभार व्यक्त किया।

आश्रम के अध्यक्ष अमित सिंह मरावी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय के माताजी के तपस्या स्थल पर पूरे भक्तों के बीच में सुदूर वनांचल क्षेत्र में पहली बार सरकार के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित होने से भक्त हर्षित हैं। माताजी के भक्त जनों के साथ में 32वीं पुण्यतिथि के अवसर पर माताजी के अधूरे कार्य को पूरा करने में माता जी के अनुयाई भक्तों को बल मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन जनजाति गौरव समाज के प्रदेश महामंत्री राम लखन सिंह पैकरा ने किया।

 इस अवसर पर जनजाति गौरव समाज के सरगुजा संभाग के अध्यक्ष परमेश्वर सिंह मरकाम, हंस राज़ सिंह मरकाम, सूरजपुर जिला अध्यक्ष दिनेश सिंह, बलरामपुर जिला अध्यक्ष रघुवीर भगत, शशि कला भगत, मनीषा पैकरा, बुद्धना राम, मुकेश अग्रवाल, जय सिंह मरकाम, दशरथ राम मरकाम, सुदामा प्रसाद, बसंत बावली, पूरन सिंह मरकाम, राम अमरजीत कुरी, रामदयाल नेता, राम चरित्र खाया, विशाल कुमार, खसरू राम, बनकर शनिचरा, महल सिंह, रामलाल नेम, समर सिंह, केवल सिंह, गंगाराम, जय नाथ सिंह मरावी, गणेशाराम व्यास, सहदेव सिंह, रामखेलावन सिंह, वासुदेव सिंह  बढ़ाते राम, ललन सिंह कलके, बिहारी सिंह बॉय तथा रामदुलार सिंह सहित हजारों की संख्या में भक्तजन श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए।


अन्य पोस्ट