सूरजपुर

सूरजपुर में अब तक 3.41 लाख क्विंटल से अधिक की धान खरीदी
06-Jan-2026 9:10 PM
सूरजपुर में अब तक 3.41 लाख क्विंटल से अधिक की धान खरीदी

अवैध धान पर प्रशासन की सख्ती, सीमाओं पर 24 घंटे निगरानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 6 जनवरी। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन में जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों पर किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से धान खरीदी का कार्य किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारु, समयबद्ध और किसान हितैषी बनाया गया है।

 जिले में अब तक कुल 3,41,198.08 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। इसके लिए समितियों द्वारा 34,854 टोकन जारी किए गए हैं, जिनमें से 18,688 टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से किसानों को प्रदान किए गए। वहीं 9,879 किसानों ने 400.34 हेक्टेयर रकबा का समर्पण किया है। धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, खरीदी एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक 63 प्रकरणों में 4,708.90 क्विंटल अवैध धान जप्त किया जा चुका है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले की सभी सीमाओं एवं चेक पोस्टों पर 24 घंटे सतत निगरानी की व्यवस्था की गई है। संदिग्ध वाहनों की गहन जांच के साथ रात्रिकालीन गश्त भी की जा रही है, वहीं आंतरिक चेक पोस्टों पर विशेष टीमों की तैनाती की गई है।

   कोचियों एवं बिचौलियों के माध्यम से अवैध रूप से धान खपाने पर रोक लगाने और खरीदी प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी के लिए जिले में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से धान खरीदी, भंडारण और परिवहन की रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है।


अन्य पोस्ट