सूरजपुर

प्रतापपुर नपं: भाजपा की मानती सिंह बनीं अध्यक्ष, कांग्रेस को 316 वोटों से हराया
16-Feb-2025 9:05 PM
प्रतापपुर नपं: भाजपा की मानती सिंह बनीं अध्यक्ष, कांग्रेस को 316 वोटों से हराया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 16 फरवरी। सूरजपुर जिला के प्रतापपुर नगर पंचायत चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी मानती योगेंद्र सिंह ने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस की मानमती पैकरा को 316 वोटों के अंतर से हराकर अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। मानती योगेंद्र सिंह को कुल 1900 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की प्रत्याशी को 1584 वोट मिले। इस शानदार जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में विजय जुलूस निकाला और जमकर जश्न मनाया।

मतगणना में गहमागहमी और रोमांचक मुकाबले

प्रतापपुर नगर पंचायत चुनाव की मतगणना स्थानीय कन्या हाई स्कूल में हुई, जहां सुबह 9 बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई। इस दौरान दोनों प्रमुख दलों कांग्रेस और भाजपा के समर्थकों की भारी भीड़ जुटी थी। मतगणना के दौरान कई वार्डों में कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन सबसे ज्यादा दिलचस्प मुकाबला वार्ड नंबर 4 में हुआ।

वार्ड नंबर 4 में टाई और पर्ची से निर्णय

वार्ड नंबर 4 में भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष कंचन सोनी के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ। दोनों प्रत्याशियों को 154-154 वोट मिले, जिससे चुनाव टाई हो गया। इसके बाद पर्ची निकालने की प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें मुकेश अग्रवाल को 155 वोट मिले और वे मात्र 1 वोट से विजयी घोषित हुए।

पार्षद चुनाव में कांग्रेस का पलड़ा भारी

नगर पंचायत के कुल 15 वार्डों में से 8 वार्ड कांग्रेस और 7 वार्ड भाजपा के खाते में गए। कांग्रेस ने पार्षद चुनाव में बढ़त बनाई और 8 वार्डों में अपनी जीत दर्ज की, जबकि भाजपा ने 7 वार्डों में सफलता प्राप्त की।

विजयी प्रत्याशियों की सूची-

1. वार्ड 1 भाजपा - नीलम देवी (145 वोट),  वार्ड 2  कांग्रेस - वीर साईं (148 वोट),  वार्ड 3  कांग्रेस - मासूम इराकी (140 वोट),  वार्ड 4 भाजपा - मुकेश अग्रवाल (155 वोट),  वार्ड 5- कांग्रेस - नसीमा बानो अंसारी (135 वोट), वार्ड 6 कांग्रेस - ममता कंचन सोनी (200 वोट),  वार्ड 7 भाजपा - सीता पैकरा (निर्विरोध विजयी),  वार्ड 8 कांग्रेस - विजय नायक आलम साय (134 वोट), वार्ड 9 भाजपा - नवीन कुमार नाविक (113 वोट),  वार्ड 10 कांग्रेस - निशांत तिवारी (137 वोट),  वार्ड 11 भाजपा - अजीत शरण सिंह (143 वोट) वार्ड 12 भाजपा - सौरभ मानिक (148 वोट),  वार्ड 13 भाजपा - लालमन पैकरा (113 वोट), वार्ड 14 कांग्रेस - दुर्योधन गुड्डू (75 वोट), वार्ड 15 कांग्रेस - हीरामणि सेवन एक्का (156 वोट) से विजयी हुए।

भाजपा का विजय जुलूस, नगरवासियों से आशीर्वाद लिया

चुनाव परिणाम के बाद भाजपा के विजय जुलूस में पार्टी कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित अध्यक्ष मानती योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में अन्य विजयी प्रत्याशियों ने नगरवासियों से आशीर्वाद लिया। इस दौरान गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ उत्सव मनाया गया। नगरवासियों ने विजयी प्रत्याशियों को फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।

जीत के मायने और आगे की रणनीति

मानती योगेंद्र सिंह ने अपनी जीत के बाद नगरवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा, यह जीत नगरवासियों की जीत है। हम उनके विश्वास पर खरा उतरेंगे और नगर के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता नगर में समग्र विकास और बेहतर सुविधाएं प्रदान करना होगा।

नगर पंचायत में सत्ता संतुलन

जहां भाजपा ने अध्यक्ष पद जीत लिया, वहीं कांग्रेस ने पार्षद चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत की। यह चुनाव परिणाम नगर पंचायत में सत्ता संतुलन की स्थिति को दर्शाता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा और कांग्रेस के बीच किस पार्टी की नीति ज्यादा प्रभावी साबित होती है, और किस तरह से दोनों दल नगर के विकास कार्यों में अपनी भूमिका निभाते हैं। इस चुनाव ने नगर पंचायत की राजनीति को नया मोड़ दिया है और नगरवासियों के लिए विकास कार्यों में दोनों दलों की नीतियां महत्वपूर्ण साबित होंगी।


अन्य पोस्ट