सूरजपुर

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं का सम्मान
14-Nov-2024 2:46 PM
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भैयाथान, 14 नवंबर।
ब्लॉक मुख्यालय के स्थानीय मंगल भवन में परियोजना स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य दुर्गा संतोष सारथी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मंडल अध्यक्ष मार्तंड साहू उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा 13 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व 13 सहायिकाओं को प्रशस्तिपत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सेवानिवृत्त हुए सहायिका शांति देवी, देवकुमारी, परवतिया, महरजिया, भगमनिया को 25-25 हजार रुपए का चेक व शाल व श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।

उक्त कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री राम सेवक पैकरा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के द्वारा समाज में किए जा रहे महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही कुपोषण तथा गांव में लोगों के समेकित विकास के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा किए गए कार्य की सराहना की। तथा भविष्य में भी इसी प्रकार कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को मंडल अध्यक्ष मार्तंड साहू, जिला पंचायत सदस्य दुर्गा संतोष सारथी ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान परियोजना अधिकारी मो.इमरान अख्तर सहित समस्त पर्यवेक्षक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका काफी संख्या में उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट