सूरजपुर
प्रत्याशी बदलने की मांग
सत्ता और संगठन में चल रही दूरी को लेकर कार्यकर्ताओं ने निकाली भड़ास
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 28 अगस्त। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद टीएस सिंह देव के प्रथम आगमन पर राजपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने जोरदार आतिशबाजी के साथ सिंह देव का स्वागत किया।
सर्वप्रथम नगर के रेस्ट हाउस में पुलिस जवानों ने उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी, इसके पश्चात वे कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी के निवास पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके पश्चात अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत राजपुर कृषि मंडी प्रांगण में आयोजित भेंट मुलाकात कार्यक्रम में शिरकत की।
कृषि मंडी प्रांगण में विधानसभा स्तरीय आयोजित भेंट मुलाकात कार्यक्रम में पहुँचे छग के उप मुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हुए उनकी मन की बात जानी,जहाँ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामरी विधानसभा के विधायक की पुरजोर विरोध किया। उन्होंने सत्ता और संगठन में चल रहे दूरी को लेकर जबदस्त गुस्सा निकाली व विधानसभा में प्रत्याशी बदलने को लेकर उपमुख्यमंत्री के सामने अपनी अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारी ने क्षेत्रीय विधायक चिंतामणि महाराज को आमंत्रण भी नहीं दिया था। जब मंडी प्रांगण में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बोलने का मौका मिला तो उन्होंने उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव के सामने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने खुले मंच सामरी विधायक चिंतामणि महाराज का पुरजोर विरोध करते हुए प्रत्याशी बदलने की माँग की।
मीडिया से बात करते हुए टी एस सिंहदेव ने कहा कि आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण हो गई है दो और तीन सितंबर को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी और लगभग 6 तारीख को कांग्रेस की पहली सूची जारी हो जाएगी।
उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भाजपा द्वारा छत्तीसगढ़ के 21 सीटों पर घोषित किए गए प्रत्याशी के मामले में बयान देते हुए कहा कि भाजपा को जरूर ऐसा लग रहा है कि उन्होंने प्रत्याशी घोषित करके लीड ले ली है लेकिन यह उनकी भूल है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन सीटों पर ही प्रत्याशी की घोषणा की है जिनमें वह हारे हुए हैं ऐसे में कांग्रेस अपनी प्रक्रिया के तहत ही टिकट की घोषणा करेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, डॉ. अजय तिर्की, नान बाबा,महेश्वर पैकरा, गप्पू सिंह, लालसाय मिंज सहित चारों ब्लाक अध्यक्ष सुनील सिंह, हरीश मिश्रा, विजय पैकरा, अब्दुल्ला खान, सुरेश सोनी, पुरनचंद जायसवाल, नीरज तिवारी, राजेन्द्र भगत, देवबली, विभु जायसवाल सहित तीनो ब्लॉक के भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंच संचालन ब्लाक अध्यक्ष सुनील सिंह ने किया एवं आभार प्रदर्शन कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी ने की।
सिंहदेव ने कहा कभी माफ नहीं करूँगा
छग के उप मुख्यमंत्री बनने के बाद राजपुर में पहली बार आये टी एस सिंहदेव ने कहा कि कोई मुझ पर चाहे जो इल्जाम लगाए, पर मेरे परिवार महराज,महारानी पर कोई सार्वजनिक मंच से बोलेगा तो मैं कभी समझौता नहीं करूँगा।
उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि मेरे खिलाफ आज तक बहुत से लोगों ने व्यक्तिगत बहुत कुछ बयान दिया, मैंने कभी उसको राजनीति के क्षेत्र में आने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में एक घटना ऐसी घटी है जिसमें एक सीमा पार करके किसी ने मेरे ऊपर जान के खतरे का आरोप लगाया, वहाँ पर समझौता कभी नहीं हो सकता। पत्रकारवार्ता को उन्होंने संबोधित किया तो उनका दर्द साफ झलक रहा था।
90 में से एक विधानसभा की जवाबदेही नहीं लूंगा-सिंहदेव
बलरामपुर जिले के दौरे पर आए छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री टी एस सिंह देव का पत्रकार वार्ता के दौरान एक बड़ा बयान सामने आया और उन्होंने साफ कह दिया कि कांग्रेस के आपसी प्रेम व्यवहार और समन्वय को बनाने में मैं फेल हो गया। उन्होंने कहा कि मै 90 में से एक रामानुजगंज विधानसभा की जबाबदेही नहीं लूंगा। बाबा के इस बयान के बाद कहा जा सकता है कि एक बार फिर चुनावी सरगर्मी के बीच उनका दर्द छलका है।


