सारंगढ़-बिलाईगढ़

अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म शताब्दी समारोह
26-Dec-2025 3:55 PM
अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म शताब्दी समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 25 दिसंबर। नगर पालिका परिषद द्वारा अटल परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म शताब्दी समारोह मनाया गया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

 अतिथियों ने सर्वप्रथम अटल जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की, तत्पश्चात अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ज्ञानपुंज कुलमित्र, उप अभियंता उत्तम कुमार कंवर, सहायक अभियंता पैंकरा, भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण एवं नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर पालिका परिवार की ओर से उपस्थित भाजपा नेताओं एवं गणमान्य नागरिकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर भाजपा पार्षद मयूरेश केशरवानी ने कहा कि सत्ता का खेल तो चलता रहेगा, सरकारें आएंगी-जाएंगी, पार्टियां बनेंगी-बिगड़ेंगी, लेकिन यह देश बना रहना चाहिए और देश का लोकतंत्र अमर रहना चाहिए। मनुष्य को परिस्थितियों से लडऩा चाहिए, एक सपना टूटे तो दूसरा गढऩा चाहिए।

 

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ देश का 26वां राज्य बना, जिससे अटल जी की एक अटल प्रतिज्ञा पूरी हुई। उन्होंने कहा कि राज्य का गठन कोई आसान कार्य नहीं था। वर्षों से आंदोलन होते रहे, लेकिन राज्य निर्माण संभव नहीं हो पाया। यह अटल जी की दृढ़ इच्छाशक्ति का ही परिणाम था कि बिना किसी खून-खराबे के छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ।

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी की कथनी और करनी में कभी अंतर नहीं रहा। वे जो कहते थे, वही करते थे और जो करते थे, वही कहते थे।

 उनकी इच्छाशक्ति अत्यंत प्रबल थी और वे अपने वचनों के पक्के थे।

ॉ 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना उनकी इसी दृढ़ संकल्प शक्ति का प्रतिफल है। उन्होंने 1998 में रायपुर के सप्रे शाला मैदान में जनता से वादा किया था कि यदि लोकसभा की सभी 11 सीटों पर भाजपा को विजय दिलाई गई तो छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया जाएगा। यद्यपि भाजपा को 11 में से 8 सीटें ही प्राप्त हुईं, लेकिन केंद्र में पुन: भाजपा की सरकार बनी और अटल जी प्रधानमंत्री बने। उन्होंने अपने वचन के अनुरूप छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की घोषणा कर उसे साकार किया।


अन्य पोस्ट