सारंगढ़-बिलाईगढ़

नए जिला कांग्रेस अध्यक्ष का स्वागत
02-Dec-2025 7:06 PM
नए जिला कांग्रेस अध्यक्ष का स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़ बिलाईगढ़, 2 दिसंबर। सारंगढ़ में नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन का गिरी विलास पैलेस पहुंचने पर स्वागत किया गया। उनके आगमन पर भारत माता चौक में युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र बारे के नेतृत्व में उपस्थित युवाओं और कांग्रेस पदाधिकारियों ने अभिवादन किया। उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण किया और पटाखे चलाए। कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।

गिरी विलास पैलेस पहुंचकर ताराचंद देवांगन ने पूर्व सांसद पुष्पा देवी सिंह , डॉ. मेनका देवी सिंह और डॉ. प्रदीप परिवेश मिश्रा से भेंट की। कुलीसा मिश्रा से भी सौजन्य भेंट हुई। उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई दी। महल परिसर में हुए परिचय कार्यक्रम में सरिया, बरमकेला, सरसीवा, सारंगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने अपना परिचय देते हुए देवांगन को शुभकामनाएं दीं।

पूर्व सांसद पुष्पा देवी सिंह ने कहा कि नवनियुक्त जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ाने की अपेक्षा की जाती है।

पूर्व विधायक पदमा मनहर ने कहा कि ताराचंद देवांगन के 6 माह के कार्यकाल में घर में बैठे कांग्रेसी सामने आए। प्रदेश स्तर से लेकर जमीनी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों में शामिल करने और उन्हें महत्व देने से कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा दिखाई दी है। आने वाले समय में टिकट को लेकर जो भी निर्णय होगा, हम सभी मिलकर संगठन को मजबूत करेंगे।

डॉ. परिवेश मिश्रा ने कहा कि ताराचंद देवांगन व्यवहारिक हैं, युवा हैं और इनमें कार्य करने की ललक है। यह चुनाव जीतने का मामला नहीं है बल्कि जिम्मेदारी का है, जिसे सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पूरा किया जा सकेगा।

सियाराम नायक ने कहा कि कई वरिष्ठ कांग्रेसी उपस्थित हुए हैं और युवाओं को संगठन से जोडऩे की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ता साथ रहेंगे और एक मंच पर मिलकर कार्य करेंगे।

 नीलकंठ साहू ने कहा कि ताराचंद देवांगन के बने से कांग्रेस में नई ऊर्जा आई है।

उमेश केशरवानी ने सोशल मीडिया के माध्यम से सक्रिय रहने और अनुभवी तथा सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी देने की बात कही।

जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने कहा कि राज परिवार ने आमंत्रित किया और सभी कांग्रेसियों ने मेरा सम्मान किया। आप सभी के सहयोग से जो कार्य पिछले 6 महीनों में किया गया, उसके परिणामस्वरूप पुन: जिला अध्यक्ष बनाया गया है। मैं सभी को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करूंगा।

मंच से घनश्याम मनहर, केशव पातर और नंदकिशोर ने संबोधित किया।

कार्यक्रम संचालन सूरज तिवारी ने किया।


अन्य पोस्ट