सारंगढ़-बिलाईगढ़
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 दिसंबर। कांग्रेस हाईकमान ने संगठनात्मक पुनर्संरचना के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में ताराचंद देवांगन को दोबारा जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की औपचारिक जानकारी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के माध्यम से जारी की गई। इसके बाद बधाई देने वालों का तांता लग गया।
जिला अध्यक्ष पद के लिए छह नामों पर विचार किया गया था। पार्टी ने पुन: उसी नेतृत्व को दायित्व दिया है जिसने पिछले कार्यकाल में जिले में संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन किया था।
देवांगन की पुनर्नियुक्ति के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसे संगठनात्मक निरंतरता का निर्णय बताया। पार्टी के भीतर यह अपेक्षा जताई जा रही है कि जिले में सदस्यता अभियान, बूथस्तरीय गतिविधियों और आगामी चुनावों की तैयारियों को और व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
पदभार की घोषणा के बाद ताराचंद देवांगन ने कहा कि वे संगठन की जिम्मेदारियों को निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य पार्टी की गतिविधियों को क्षेत्र के विभिन्न वर्गों तक पहुँचाना और संगठन को मजबूत करना होगा।


