सारंगढ़-बिलाईगढ़

वृद्धाश्रम में सेवा भारती के सदस्यों ने बुजुर्गों संग मनाई दीपावली, मिला आशीर्वाद
23-Oct-2025 8:44 PM
वृद्धाश्रम में सेवा भारती के सदस्यों ने बुजुर्गों संग मनाई दीपावली, मिला आशीर्वाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 23 अक्टूबर। दीपावली के अवसर पर सारंगढ़ आशा निकेतन वृद्धाश्रम में इस वर्ष खुशियों का अलग ही माहौल देखने को मिला। सेवा भारती के सदस्य और पुलिस अधिकारी बुजुर्गों के बीच पहुंचे और उनके साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी सतीश यादव, ईशान यादव तथा फकीरा यादव सहित अन्य सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को मिठाई खिलाई, नए वस्त्र भेंट किए और उनके साथ समय बिताया। सभी ने मिलकर दीप जलाए, पटाखे फोड़े और सामूहिक रूप से भोजन किया।

बुजुर्गों के चेहरों पर लंबे समय बाद मुस्कान लौट आई। कई बुजुर्ग पुराने दिनों को याद कर भावुक हो उठे। उन्होंने समाजसेवियों और पुलिस अधिकारियों को दिल से आशीर्वाद देते हुए कहा कि, सेवा भारती के सदस्यों ने हमें अपनेपन का एहसास दिलाया।

इस संवेदनशील पहल से वृद्धाश्रम में उत्सव का वातावरण बन गया। समाजसेवी सतीश यादव ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की धरोहर हैं। उनके स्नेह और आशीर्वाद से ही समाज का अस्तित्व बना है। दीपावली जैसे पर्व पर उनके साथ खुशियां बांटना सबसे बड़ा सौभाग्य है।


अन्य पोस्ट