सारंगढ़-बिलाईगढ़

भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमला, पूर्व नपाध्यक्ष पति पर आरोप
03-Jul-2025 7:01 PM
भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमला, पूर्व नपाध्यक्ष पति पर आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 3 जुलाई। कल देर शाम नगर पालिका सारंगढ़ के पार्षद तथा भाजपा नेता मयूरेश केशरवानी पर 15 से अधिक लोगों ने लोहे के राड और अन्य घातक हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में बुरी तरह से घायल मयूरेश को तुरंत ही शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उनकी हालत अभी खतरे से बाहर है।

इस हमले की जानकारी मिलते ही भाजपाईयों की भीड़ अस्पताल तथा थाना परिसर में एकत्रित होकर आरोपियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। देर रात आरोपी अजय बंजारे और अन्य साथियों के खिलाफ बीएनएस 109(1), 310(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

आरोप है कि नगर पालिका सारंगढ़ के पार्षद तथा भाजपा नेता मयूरेश केशरवानी प्रतिदिन की भांति अपने दुकान को बंद करके घर आने की तैयारी कर रहे थे, उसी समय लगभग 9 बजे रात को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के पति अजय बंजारे और उनके साथ लगभग 10-15 साथियों ने सुनियोजित षडय़ंत्र के तहत मयूरेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस हमले में उनके सर और कमर और पीठ पर लोहे के राड से हमला किया गया, जिससे उनको गंभीर चोटे आई। लगभग 10 से 15 मिनट तक ताडंव मचाने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

वहीं साहनी मोहल्ले की महिलाओं ने आरोपियों को मारपीट करने से रोका जिसके कारण से मयूरेश केशरवानी की जान बच पाई।

हमले में आहत मयूरेश केशरवानी को तत्काल सारंगढ़ शासकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां पर प्रारंभिक इलाज के बाद एक्सरे के लिये निजी अस्पताल राधाकृष्ण अस्पताल ले जाया गया जहां अभी उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

वहीं मयूरेश केशरवानी के बड़े भाई अमितेश केशरवानी के शिकायत आवेदन पर सिटी कोतवाली पुलिस सारंगढ़ ने अजय बंजारे और उनके अन्य 10-15 साथियों के खिलाफ बीएनएस की गैरजमानती धारा 109(1) तथा 310(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

पार्षद मयूरेश केशरवानी पर प्राणघातक हमले की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर और थाना में भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ एकत्रित हो गई। लगभग 100 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता एक स्वर में पुलिस अधिकारियों से दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।

भाजपा नेताओं ने पुलिस को चेतावनी भी दी कि कड़ी कार्रवाई नहीं होने पर उनके द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, महामंत्री अजय गोपाल, मंडल अध्यक्ष मनोज जायसवाल, पार्षद सत्येन्द बरगाह, पार्षद अमित तिवारी, भाजपा नेता हरिनाथ खूंटे, प्रकाश अग्रवाल, राजा गुप्ता, जय बानी, अविनाश पुरी, सतीश शर्मा, सूरज गुप्ता, जीतू गुप्ता, भीम केशरवानी,अक्षत स्वर्णकार सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता देररात तक थाने में डटे रहे।

इस संबंध में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों को गिरफ्तार करने पुलिस ने सर्चिंग अभियान प्रारंभ कर दिया।

थाना प्रभारी कामिल हक की टीम ने मुख्य आरोपी अजय बंजारे और आधा दर्जन से अधिक साथियों को सिंघोड़ा मंदिर के पास ओडिशा सीमा के पास गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मामले का खुलासा नहीं किया है।

नगर पालिका अध्यक्ष को राज्य शासन ने किया बर्खास्त

पूरा मामला सारंगढ़ नगर पालिका की अध्यक्ष सोनी बंजारे के खिलाफ राज्य शासन के द्वारा की गई कार्यवाही से जुड़ा हुआ है। जमीन आबंटन में अनियमितता के कारण से राज्य शासन के द्वारा बंटी केशरवानी की शिकायत पर 2 जुलाई को ही नगर पालिका अध्यक्ष के पद से बर्खास्त कर दिया, वहीं माहभर पूर्व नगर पालिका के उपाध्यक्ष रामनाथ सिदार और 7 पार्षदों को भी राज्य शासन के द्वारा अनियमितता को लेकर अयोग्य घोषित कर दिया गया है।


अन्य पोस्ट