सारंगढ़-बिलाईगढ़

परिवर्तन यात्रा में भाजपा नेताओं ने भूपेश सरकार पर साधा निशाना
26-Sep-2023 7:59 PM
परिवर्तन यात्रा में भाजपा नेताओं ने भूपेश सरकार पर साधा निशाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सरसींवा, 26 सितंबर। रविवार को भाजपा द्वारा जशपुर से निकाली गई परिवर्तन यात्रा सरसींवा पहुचीं, जहां यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। वहीं आमसभा में आम जनता एवं कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ से भाजपाई गदगद है वहीं आमसभा में वक्ताओं ने भूपेश सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए सरकार बदलने का आव्हान किया।

भाजपा की परिवर्तन यात्रा जितना उत्साह पार्टी कार्यकर्ताओं में है उससे कई गुणा ज्यादा उत्साह आम जनता में देखने को मिला है। चुनाव नजदीक है इसकारण से भाजपा ने जोर लगा दिया है।

पूर्व मंत्री बृजमोहन ने कांग्रेस की भूपेश सरकार पर जमकर हमला करते हुए कहा कि यह भूपेश नही बल्कि ठगेश सरकार है, जिसकी सरकार से प्राय: सभी विभाग में भ्रष्ट्राचार किये हैं। इस सरकार ने चुनाव के समय दर्जनों घोषणाएं किये थे पर एक भी घोषणा को पूरा नही किया है। हम सब गाय को गौ माता मानते है जिसके गोठान निर्माण एवं गोबर खरीदी में भी भ्रष्ट्राचार करने से बाज नहीं आए। यह सरकार पूरे पांच साल झूठी घोषणा कर ठगने का ही काम किया है।

यात्रा प्रभारी एवं नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि गंगा जल की सौगंध खाने वाली कांग्रेस के नेता अब कहा चले गए है। गंगाजल की झूठी कसम खाकर लोगों को कांग्रेस ने ठगा है।

खुलेआम शराब घोटाला किया है। लोगों को झूठे वादे किए गोबर घोटाला, नरवा घुरवा घोटाला, कोयला के घोटाला, रेत में घोटाला किये। कांग्रेस एक घोटाला की सरकार है। कांग्रेस की सभी 71 विधायक पुरे पांच साल आने दो आने दो जेब मे भरने दो भरने दो ही कर रही है। कांग्रेस के लोग ही खुले आम शराब की अवैध बिक्री कर रहे हैं।

श्री चन्देल ने क्षेत्रीय कांग्रेस के विधायक चंद्रदेव राय के कार्यशैली पर भी ताना कसा। अंत में उन्होंने कहा कि भूपेश ने अपने घोषणा पत्र को आज तक पूरा नहीं किया है। जनता इंतजार में है कि कब उनको मौका मिले और कांग्रेस को सबक सिखाएं अब समय आ गया है। ठीक दो माह बाद चुनाव में आप सभी भाजपा को वोट देकर बहुमत से विजय बनाकर विधानसभा में भेजें जिससे क्षेत्र की चहुंमुखी विकास हो सके।

केंद्रीय सहकारिता मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि क्या यही कांग्रेस का भरोसे की सरकार है। भरोसे की सरकार सिर्फ छलावा है, झूठे वादे कर कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के लोगों को ठगा है।

भाजपा ने वोटरों को साधने के लिए छत्तीसगढ़ में परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की है, जिसमें भाजपा के आधा दर्जन से अधिक दिग्गज नेता सरसींवा के परिवर्तन यात्रा में शामिल हुए।

जशपुर से निकली भाजपा की परिवर्तन यात्रा सरसींवा पहुंची जहां छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं यात्रा प्रभारी नारायण चंदेल,पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, गुहाराम अजगले सांसद जांजगीर, अनुराग सिंह देव, मोतीलाल साहू, रमेश जालान एवं नवीन मार्कण्डेय, सुभाष जालान जिला अध्यक्ष डॉक्टर दिनेश लाल, रेशम कुर्रे, दिव्य भारती, गोरी देवी, ललिता निराला कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित थे।

सरसींवा आगमन पर परिवर्तन यात्रा का बाइक रैली, आतिशबाजी, कर्मा नृत्य एवं नारेबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया।


अन्य पोस्ट