सारंगढ़-बिलाईगढ़

मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत
05-Sep-2023 8:01 PM
मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 5 सितंबर। कलेक्टर डॉ. फरिहा आलम सिद्दीकी ने राजस्व पुरस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के तहत विभिन्न घटनाओं में मृत्यु होने वाले लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है।

जानकारी के अनुसार बरमकेला निवासी रंगलाल निषाद की मृत्यु तालाब में डूबने से हो गई थी। उनकी पत्नी विद्या कुमारी को चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि कलेक्टर ने स्वीकृत की है। इसी प्रकार ग्राम परसाडीह तहसील बिलाईगढ़ निवासी धनंजय लहरे की मृत्यु आकाशीय बिजली गिरने से हो गई। उनके पिता गोवर्धन लहरे को, सारंगढ़ तहसील के ग्राम झारपाली के निवासी पुनीराम यादव की मृत्यु कुएं में डूबने से हो जाने से उनकी पत्नी मोंगराबाई को, ग्राम पवनी बिलाईगढ़ के चरणदास मानिकपुरी की मृत्यु तालाब में डूबने से हो जाने पर उनकी माता सविता बाई को, ग्राम ठेंगागुड़ी निवासी लिंगराज प्रधान की मधुमक्खी काटने से मृत्यु हो जाने पर उनके पुत्र कृष्णचंद्र, बंशीधर और पुत्री कल्पना को संयुक्त रूप से तथा ग्राम पोरथ (सरिया) निवासी बबीता का निधन आग में जलने से हो जाने पर उनके पिता निरंजन को आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

उपरोक्त सभी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि की स्वीकृति जिला प्रशासन द्वारा आरबीसी 6-4 में निहित प्रावधानों के अधीन प्रदाय की गई है।


अन्य पोस्ट