सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 जून। मानसून की पहली बरसात शहरवासियों और यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन गई। नगर की वर्षों पुरानी बस स्टैंड तालाब बन गई हैं। गंदा पानी लोगों के दुकानों में भी घुस गया। जिसके चलते व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार अलसुबह से लगातार हो रही वर्षा के चलते लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। जबकि किसानों के लिए यह बारिश खुशी लेकर आई, लोग खेती बाड़ी में जुट गए है।
नगर से अन्य जगहों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों और बस संचालकों जल भराव के चलते खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा। इसके अलावा लगातार बारिश के चलते सडक़ें भी जलमग्न है। पैदल आने-जाने वालों की भी जमकर फजीहत हुई।
कुछ रोज पूर्व जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान की पोल खुलकर रह गई है। इस तरह पहली ही बारिश में जल भराव नगर पालिका प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है। हालांकि निगम अधिकारियों ने चंद लाभ के लिए पानी निकासी को लीज पर दे दिया है, जिसमें लीजकर्ता ने निर्माण करवा रखा है, जो जलभराव का कारण है। फिलहाल समस्या का निदान करने वाले ही समस्या उत्पन्न कर रहे, तो ऐसे में शहर के विकास और मुलभूत सुविधाओं की उम्मीद करना बेकार है।


