राजनांदगांव

2 वर्ष से फरार वारंटी गिरफ्तार
27-Feb-2026 5:15 PM
2 वर्ष से फरार वारंटी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 फरवरी।
एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) वारंटी को रेल्वे सुरक्षा बल पोस्ट राजनंादगांव ने गिरफ्तार कर विशेष रेल्वे न्यायालय रायपुर में पेश किया।
मिली जानकारी के अनुसार मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपचंद्र आर्य के दिशा-निर्देशन तथा निरीक्षक/पोस्ट प्रभारी रेलवे सुरक्षा बल राजनांदगांव निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव द्वारा  एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) के तहत विगत 02 वर्षों से फरार  आरोपी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। 26 फरवरी को अपराध क्रमांक 1090/2023, दांडिक प्रकरण क्रमांक 5907/2024,  धारा 174 बी एवं 159 रेल अधिनियम के वारंटी संतोष कुमार 34 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 15 नगपुरा थाना पुलगांव जिला दुर्ग को मुखबिर की सूचना के आधार पर वारंट में वर्णित पते से सहायक उप निरीक्षक डीबी मेश्राम एवं प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवाड द्वारा विधिवत गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी उपरांत आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करते विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर आरोपी को केंद्रीय जेल रायपुर की अभिरक्षा में भेजा गया। इसके अतिरिक्त रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत  26 फरवरी को कुल 19 व्यक्तियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की गई, जिन्हें नियमानुसार जमानत पर रिहा किया गया। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा न्यायालयीन आदेशों के पालन, विधि-व्यवस्था की स्थापना एवं अपराध नियंत्रण हेतु सतत, सुनियोजित एवं प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। जिससे रेलवे परिसर में सुरक्षा एवं अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके।


अन्य पोस्ट