राजनांदगांव

हुड़दंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
27-Feb-2026 4:51 PM
हुड़दंग करने वालों पर होगी कार्रवाई

राजनांदगांव पुलिस ने पहल करते होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहाद्र्र्रपूर्ण मनाने के लिए सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित की।  होली त्यौहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भाईचारे के वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से जिला राजनांदगांव के थाना बागनदी, पुलिस चौकी मोहारा, ओपी सुकुलदैहन एवं थाना घुमका सहित विभिन्न थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं संबंधित पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। बैठकों में क्षेत्र के सरपंच, उपसरपंच, कोटवार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में पुलिस ने निर्देश दिए कि होली के दौरान डरावने या पहचान छुपाने वाले प्रतिबंधित मुखौटे पहनकर हुड़दंग करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही बजाने, बिना अनुमति डीजे संचालन पर कार्रवाई, अश्लील गाने बजाने एवं अत्याधिक शोर करने पर कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत सख्त कार्रवाई एवं जुर्माना, तेज रफ्तार, तीन सवारी, खतरनाक ड्राइविंग एवं नियम उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई, जबरन रंग लगाने, झगड़ा-विवाद करने एवं शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर अपराध दर्ज किया जाएगा, बिजली तार एवं खंभों के आसपास होलिका दहन नहीं करने, किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी, कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कर जनजागरूकता फैलाने, असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने हेतु नागरिकों से अपील की गई।


अन्य पोस्ट