राजनांदगांव

होली पर्व : रंगों का बाजार सजा, पिचकारी-मुखौटे की बिक्री शुरू
27-Feb-2026 4:29 PM
होली पर्व : रंगों का बाजार सजा, पिचकारी-मुखौटे की बिक्री शुरू

 नगाड़ा कारोबारियों ने भी लगाई दुकान
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 फरवरी।  
रंगों के त्यौहार होली मनाने के लिए बाजार में हलचल तेज हो गई है। त्यौहार के लिए मात्र 5 दिन का समय शेष रह गया है। शहर में रंगों का बाजार सज गया है। चौक-चौराहों में दुकानों में अलग-अलग रंगों की बिक्री शुरू हो गई है। वहीं मुखौटे और पिचकारियों का भी व्यापार तेज हो गया है।

पूरे शहर में रंग-बिरंगी पिचकारियों, मुखौटे, रंगों की दुकानें जगह-जगह सज गई है। इस बार चाईनिज पिचकारियों की मांग और भी बढ़ी है। बाहर से आए रंगों के कारोबारी शहर के चौराहों में पारंपरिक रंगों की बिक्री में जुटे हुए हैं। शहर में होली पर्व के पारंपरिक नंगाड़ों की आवाज भी लोगों के कानों तक पहुंच रही है। खैरागढ़ सहित अन्य इलाकों के नंगाड़े व्यवसायी बड़े-छोटे नंगाड़ों को बेचने के लिए पखवाड़ेभर से पहुंचे हुए हैं। स्थानीय ईमाम चौक, गुरुनानक चौक सहित अन्य स्थानों पर नंगाड़ों की धूम होली पर्व के उत्साह को बढ़ा रही है।  शहर के प्रमुख स्थलों में कई प्रकार की पिचकारियां बच्चों को भा रही है। रंगों की मांग को देखते हुए उत्तरप्रदेश से पहुंचे कारोबारी भी पूरे उत्साह के साथ व्यवसाय कर रहे हैं।
जिले में सालों से होली पर्व परंपरागत रूप से मनाया जाता है। शहर के अलावा कस्बाई इलाकों में होली की खुमारी आगामी दिनों छाएगी। ग्रामीण इलाकों के लोग बड़े पैमाने पर नंगाड़ों के अलावा रंग, पिचकारी, शक्कर से निर्मित मिठाई की माला की खरीदी-बिक्री  तेज हो जाएगी। रंगों का यह त्यौहार पुलिस के लिए भी कई मायने में चुनौती देता है। पुलिस ने इस साल अभी से ही प्रारंभिक तैयारी कर ली है। पुलिस ने आपराधिक लोगों की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू किया है।


अन्य पोस्ट