राजनांदगांव
दिसंबर का पहला पखवाड़ा सर्दीला रहा, 8 से 9 डिग्री में पारा स्थिर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 दिसंबर। दिसंबर का पहला पखवाड़ा सर्द हवाओं के चपेटे में रहा। जिले के ज्यादातर हिस्सों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ऐसे में दिन और रात का तापमान न्यूनतम स्तर में है। पिछले 15 दिनों से पारा 8 से 9 डिग्री स्थिर रहा। जिले के कुछ हिस्सों में शीतलहर ने भी अपना असर दिखाया है।
वनांचलों में शहर की तुलना में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पठारी इलाकों में लगातार ठंड के मार से लोग बेहाल है। कोहरे ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। सुबह से लगभग अपरान्ह 11 बजे तक कोहरे से कई इलाके ढंके नजर आ रहे हैं। सालों बाद दिसंबर में ठंड ने अपनी अहमियत दिखाई है। गर्म कपड़ों के आगोश में लोगों को देखा जा सकता है। ऊनी कपड़ों से लोग इस साल पड़ रही ठंड को सेहत के लिहाज से भी मुफीद मान रहे हैं।
बताया जा रहा है कि न्यूनतम तापमान में और भी गिरावट होगी। जिले में ठंडी का असर कम होने का फिलहाल संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने तापमान में कमी आने की संभावना से इन्कार नहीं किया है। उत्तर पूर्व से आ रही हवाओं के कारण पूरा जिला सर्द मौसम के जद में है। सर्दी के कारण लोगों की दिनचर्या भी सीमित हो गई है। शाम ढलते ही लोग घरों का रूख करने लगे हैं। सडक़ों में सन्नाटेपन की स्थिति भी बन गई है। दिन छोटा होने की वजह से शाम ढलते ही लोगों को घर लौटने की हड़बड़ाहट भी होती है। इसके कारण सडक़ों में आवाजाही सीमित दायरे में नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं ने जनजीवन पर प्रतिकूल असर डाला है। लोगों की सेहत भी सर्द मौसम के कारण प्रभावित हुई है। खासतौर पर सर्दी-खांसी और बुखार ने कई लोगों को अस्पताल जाने के लिए मजबूर किया है। चिकित्सक लगातार लोगों को सर्दी से बचने के लिए न सिर्फ दवाईयों के जरिये बल्कि देशी नुस्खे भी बता रहे हैं। फिलहाल राजनांदगांव जिला सर्द मौसम के जद में है।


