राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 दिसंबर। युगांतर पब्लिक स्कूल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए सिविल सेवा के क्षेत्र में कॅरियर निर्माण हेतु प्रभावी कार्यशाला आयोजित हुई। मुख्य वक्तव्य कलेक्टर जितेन्द्र यादव द्वारा दिया गया।
उन्होंने कहा कि ईमानदारी सबसे महंगा शौक होता है और यह सर्वोत्तम नीति भी होती है, इसलिए इसे अपने भीतर हमेशा जीवित रखने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का कॅरियर निर्माण की दिशा में निरंतर अभ्यास ही, उसे उत्कृष्ट बनाता है। विद्यार्थियों को ईमानदारी और विनयशीलता से निरंतर अभ्यास करते रहना चाहिए। वे ऐसा करने से एक न एक दिन सफल अवश्य होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने तथा जीवन में सकारात्मक ढंग से निरंतर कार्य करने प्रेरित किया।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल और सामाजिक व्यवहार को सुदृढ़ करना था। जिससे वे सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी अच्छे से कर सके। विद्यार्थियों की उत्साहवर्धक भागीदारी ने इन सत्रों को रोचक और प्रेरणादायक बना दिया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य मधुसूदन नायर, निदेशक (अकेडमिक्स) सुशील कोठारी, चेयरमैन अजय सिंगी, हैड मिस्ट्रेस विनिता तिलवानी द्वारा कलेक्टर का स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया।


