राजनांदगांव
एक्वा विलेज वाटर पार्क प्रबंधन की लापरवाही से 13 साल के मासूम की मौत का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 मई। शहर के नजदीक इंदामरा स्थित एक्वा विलेज वाटर पार्क में एक 13 साल के मासूम की बेसमय हुई मौत की घटना को लेकर पुलिस ने सिर्फ मर्ग कायम किया है। जबकि पूरा मामला पार्क के खराब बंदोबस्त से जुड़ा हुआ है। पुलिस की जांच सिर्फ नाबालिग की मौत की घटना पर केन्द्रित है। सीधे तौर पर वाटर पार्क में सुरक्षा संबंधी उपायो की कमी को लेकर भी घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। परिवार के जरिये पुलिस का कहना है कि मृतक मानसिक रूप से कमजोर था। जिसके चलते यह हादसा हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के आमगांव के रहने वाले 13 साल के अंशुल भंडारकर की वाटर पार्क में वेब लहर में डूबने से मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि वेब लहर की ऊंचाई काफी थी। जिसमें बालक फंस गया। पानी में ज्यादा देर डूबे रहने से उसकी मौत हो गई। इस बीच जांच में कई तरह की खामियां सामने आई है। सुरक्षा जैकेट उपलब्ध नहीं होने को भी घटना की एक वजह बताई जा रही है। पानी में उतरे नाबालिग यदि सुरक्षा जैकेट लैस होता तो संभवत: उसकी जान नहीं जाती? इस मामले में पुलिस ने प्रबंधकों के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया है। राजनीतिक रूप से भी मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। वजह यह है कि प्रबंधक की सियासी लोगों के बीच अच्छा संबंध रहा है।
पुलिस का रूख भी प्रबंधकों को लेकर काफी ढ़ीला है। हालांकि लालबाग थाना प्रभारी राजेश साहू का कहना है कि मर्ग कायम पश्चात आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस धीरे-धीरे जांच की ओर बढ़ रही है। गौरतलब है कि एच वाटर पार्क में इन दिनों काफी भीड़ है। गर्मी से राहत पाने के लिए शहर समेत आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पानी का आनंद उठा रहे हैं। ऐसे में नाबालिग की मौत की घटना से लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


