राजनांदगांव
नांदगांव निगम सामान्य सभा: सत्तापक्ष-विपक्ष के बीच दिनभर चली बहसबाजी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 फरवरी। नगर निगम की सामान्य सभा में पक्ष-विपक्ष के बीच सामान्य सभा की बैठक में शामिल सभी प्रस्ताव पर मुहर लग गई।
कांग्रेस और भाजपा पार्षदों के बीच कई विषयों पर आपसी बहसबाजी से सदन में शोरगुल हुआ लेकिन लखोली के बजाए चिखली-गठुला तक सडक़ चौड़ीकरण के मामले में दोनों दल के पार्षद एक नजर आए। पहले लखोली में सडक़ चौड़ीकरण का प्रस्ताव था। लखोली क्षेत्र में चौड़ीकरण को लेकर लोग विरोध में उतर आए है। यही कारण है कि अब लखोली के स्थान पर चिखली की सडक़ को चौड़ी करने पर प्रस्ताव लाया गया है।
इस निर्णय को भाजपा पार्षदों ने भी विरोध किया है। इससे पहले सोमवार को दिनभर सदन में हंगामा होता रहा है। सत्तापक्ष पर विपक्ष ने कई मामलों में घेराबंदी की। खासतौर पर शहर को गंदा पानी की आपूर्ति करने के लिए महापौर और सत्तापक्ष के पार्षदों पर गंभीर आरोप लगाए। विपक्ष ने आरोप लगाया कि शहर के लोगों को बगैर फिल्टर का पानी पिलाया गया। नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने आरोप लगाया कि फिल्टर का काम करने वाली कंपनी पर इस मामले में अपराध दर्ज होना चाहिए था। लेकिन उसे दोबारा काम दिया गया ।
इस बीच शहर के कई मार्गो और चौक का नामकरण करने के लिए भी प्रस्ताव लाया गया। हालांकि इस मामले को लेकर भी विपक्ष ने सत्तापक्ष को कटघरे में खड़ा किया। विपक्षी पार्षदों ने आरोप लगाया कि मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा करने के बजाए सत्तारूढ़ दल ने नामकरण के प्रस्ताव लाया। जबकि शहर में साफ-सफाई व्यवस्था लचर स्थिति में है। वह शुद्व पेयजल के मामले में भी सत्तापक्ष ने चर्चा करना जरूरी नही समझा। दिनभर दोनों दलों के पार्षदों के बीच जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद सभी 13 प्रस्ताव पर मुहर लगी। सामान्य सभा में पुष्पवाटिका का नाम पं. श्री राम आर्चाय वाटिका, महामाया चौक को संत शिरोमणि सेन महाराज, फव्वारा चौक का नाम चित्रांश महाराज चौराहा नाम दिया गया। इसके अलावा अन्य नामकरण भी हुए। बैठक मे स्वास्थ्य विभाग के अफसर-कर्मचारियों को एक हजार रूपए पेट्रोल एलाऊंस देने की घोषणा हुई। उधर 14 करोड़ रूपए से चिखली से गठुला तक सडक़ चौड़ीकरण का प्रस्ताव लाया गया। उक्त राशि से ही लखोली सडक़ का चौड़ीकरण करने का प्रस्ताव था।


