राजनांदगांव
राजनांदगांव, 10 फरवरी। ग्राम भांठागाव में जमीन फोड़ प्रकट हुए स्वयं-भू-लिंगेश्वर में 15 फरवरी महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य अनुष्ठानिक आयोजन, भजन-पूजन, शिव रुद्राभिषेक आदि का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
भगवान स्वयं-भू-लिंगेश्वर मंदिर समिति के नरोत्तम साहू ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम भांठागांव में भगवान स्वयं-भू-लिंगेश्वर का दर्शन करने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। मंदिर के पुजारी विजेंद्र साहू ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन सुबह वेद मंत्रों के बीच भगवान शिव लिंगेश्वर का रुद्राभिषेक, शिव स्रोत, शिव चालीसा का पाठ, शिव पंचायत पूजा, महामृत्युंजय मंत्र का जाप आदि के साथ रायपुर की हरिहर रामायण समिति की संगीतमयी रामायण पाठ का आयोजन किया गया है। बताया जाता है कि दिव्य चक्षु चेतना वाली साध्वी मुन्नी माता ने उक्त स्वयं-भू-लिंगेश्वर को दोनों हाथ से स्पर्श कर मनुष्य के हृदय जैसे धडक़न महसूस की। उस दिन से भगवान शिव लिंगेश्वर का स्पर्श कर पुण्य लाभ अर्जित करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। उक्त जानकारी मंदिर समिति के नरोत्तम साहू द्वारा दी गई।


