राजनांदगांव

सडक़ों पर दिखने लगा पदयात्रियों का रेला जयकारे लगाते आगे बढ़ रहे श्रद्धालु
02-Apr-2025 2:52 PM
सडक़ों पर दिखने लगा पदयात्रियों का रेला जयकारे लगाते आगे बढ़ रहे श्रद्धालु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 2 अप्रैल। चैत्र नवरात्र पर्व पर डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थ के लिए पदयात्रियों का जत्था सडक़ों में दिखाई देने लगा है। पैदल चलकर अपनी मनोकामना पूर्ण करने डोंगरगढ़ स्थित पहाड़ी में मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने सडक़ों पर श्रद्धालुओं की भीड़ में बढ़ोत्तरी नजर आ रही है।

बीते चार दिनों से नवरात्र पर्व प्रारंभ होने के साथ ही अंजोरा से डोंगरगढ़ पहुंच मार्ग पर समाजसेवी संस्थाओं द्वारा पदयात्रियों की सेवा के लिए सेवा पंडाल लगाए हुए हैं। गत् वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष पदयात्रियों की संख्या में गिरावट दर्ज होने से सडक़ें सूनी नजर आ रही है। आज पंचमी के अवसर पर सडक़ों में पदयात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी दिखाई दे रही है।

बीते 30 मार्च से शुरू हुए नवरात्र पर्व के साथ ही आज 2 अप्रैल को पंचमी पर्व है। वहीं आगामी 6 अप्रैल को रामनवमी पर्व मनाया जाएगा। शहर समेत जिलेभर के देवी मंदिरों में चैत्र नवरात्र प्रारंभ होते ही जोत-जंवारा प्रज्जवलित किए गए हैं।

इधर, आज पंचमी पर्व पर भक्तों की भीड़ देवी मंदिरों में उमड़ रही है। शहर के मां पाताल भैरवी मंदिर, सोनारपारा स्थित शीतला मंदिर, सिंघोला स्थित मंदिर, पुराना बस स्टैंड स्थित कालीमाई मंदिर, दिग्विजय कॉलेज स्थित मां दुर्गा मंदिर समेत डोंगरगढ़ के पहाड़ी स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में जोत-जंवारा प्रज्जवलित है। वहीं अन्य जिलों व प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन करने पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार पदयात्रा समेत दो पहिया वाहन व ट्रेनों के अलावा अन्य साधनों से डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर पहुंच रहे हैं। इधर, पदयात्री मार्ग में पदयात्रियों का जत्था भी नजर आ रहा है। इधर रायपुर निवासी विनोद गुजराती, संतोष गुजराती, प्रदीप गुजराती और नरेश गुजराती सोमवार से डोंगरगढ़ के पहाड़ी वाली मां बम्लेश्वरी दर्शन करने पदयात्रा कर रहे हैं।

पदयात्रियों का कहना है कि वे 13 वर्ष से पैदल यात्रा कर मां बम्लेश्वरी माता का दर्शन करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी वे पैदल मां का दर्शन करने निकले हैं। इसी तरह अन्य जिलों के पदयात्री भी राजनांदगांव शहर से गुजरते दिखाई देने लगे हैं।


अन्य पोस्ट